
फोटो पत्रिका नेटवर्क
किशनगंज (बारां)। किशनगंज थाना क्षेत्र के रेलावन गांव में बुधवार देर रात एक पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। दो भाइयों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आवेश में आकर छोटे भाई ने बड़े भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।
किशनगंज थाना अधिकारी रमेशचंद मेरोठा ने बताया कि बुधवार रात करीब 12 से 1 बजे के बीच देवीराम सहरिया और उसकी पत्नी के बीच पड़ोस में आयोजित शादी समारोह में जाने की बात को लेकर विवाद हो रहा था। दोनों के बीच झगड़ा बढ़ता जा रहा था। इसी दौरान पास में रहने वाले देवीराम के बड़े भाई सुखवीर को इसकी जानकारी मिली और वह दोनों को समझाने के लिए उनके घर पहुंचा।
समझाइश के दौरान मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया। दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान गुस्से में आए देवीराम ने कुल्हाड़ी उठाकर बड़े भाई सुखवीर के सिर पर हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि सुखवीर लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी हालत गंभीर हो गई।
घटना के बाद परिजन घायल सुखवीर को तुरंत रेलावन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बारां रेफर कर दिया। परिजन उसे बारां अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना परिजनों ने तत्काल पुलिस को नहीं दी। बाद में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की पत्नी दाखाबाई की ओर से किशनगंज थाने में आरोपी देवीराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
Published on:
07 May 2026 07:15 pm
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
