Rajasthan New Railway Line: राजस्थान में रेल नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में रेलवे लगातार बड़ा कदम उठा रहा है। अब प्रदेश में सरमथुरा से गंगापुर सिटी के बीच नई रेल लाइन बिछाने की तैयारी है।
Sarmathura-Gangapur City Rail Project: सवाईमाधोपुर। राजस्थान में रेल नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में रेलवे लगातार बड़ा कदम उठा रहा है। अब प्रदेश में सरमथुरा से गंगापुर सिटी के बीच नई रेल लाइन बिछाने की तैयारी है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को अब विशेष रेल परियोजना में शामिल किया गया है। 76 किलोमीटर लंबे नए रूट पर रेल लाइन बिछाने से प्रदेश के 3 जिलों के लोगों को सीधा फायदा होगा। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी।
अभी धौलपुर से सरमथुरा के बीच 74 किमी लंबे रूट पर आमान परिवर्तन का काम चल रहा है, जो दिसंबर 2026 तक पूरा होना है। इसके बाद सरमथुरा से गंगापुर तक नई रेल लाइन बिछाने का काम रफ्तार पकड़ेगा। इसके साथ ही करौली और कैलादेवी भी रेल मार्ग से जुड़ जाएगा।
धौलपुर-सरमथुरा-गंगापुर सिटी तक 148 किमी लंबी लाइन बिछाने का काम दो चरणों में होना है। पहले चरण में धौलपुर से सरमथुरा तक करीब 72 किमी लंबे रूट पर काम चल रहा है, जो इस साल के अंत तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण का काम शुरू होगा और सरमथुरा से गंगापुर सिटी तक 74 किमी लंबे रूट पर नई रेल लाइन बिछाई जाएगी।
इस परियोजना के लिए साल 1998 में सर्वे शुरु किया गया था। साल 2009 में सर्वे रिपोर्ट मिली थी और साल 2010-11 में धौलपुर-गंगापुर सिटी वाया करौली रेल परियोजना को केंद्र सरकार ने मंजूरी दी थी। इसके बाद साल 2013 में सरमथुरा में इस परियोजना का शिलान्यास हुआ था। इसके बाद कार्य शुरू हुआ, लेकिन कुछ दिन बाद ही कार्य बंद कर दिया गया था। इसके बाद फिर से कार्य शुरू हुआ। इस रेल प्रोजेक्ट पर 747 करोड़ रुपए से अधिक खर्च होंगे।
परियोजना के तहत सरमथुरा से गंगापुर सिटी के बीच टटवाई, करौली, कैलादेवी, अटा, कुड़गांव, सलेमपुर रेलवे स्टेशन बनना प्रस्तावित है। जिससे कई ग्रामीण और शहरी इलाकों को पहली बार सीधी रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी। धौलपुर, करौली और सवाईमाधोपुर जिले के वे क्षेत्र जो लंबे समय से ट्रेन सुविधा का इंतजार कर रहे थे, वे रेल नेटवर्क से जुड़ पाएंगे। खासकर कैलादेवी तक ट्रेन चलने से श्रद्धालुओं की राह आसान होगी।