Sawai Madhopur dog attack : केशव नगर कॉलोनी से गोद में डेढ़ साल की मासूम बच्ची को लेकर जा रही महिला पर अचानक कुत्ते ने हमला कर दिया। मां ने बच्ची को बचाने के लिए साहस दिखाया और करीब 20 सेकंड तक कुत्ते से संघर्ष किया।
सवाई माधोपुर। जिला मुख्यालय स्थित केशव नगर कॉलोनी से गोद में डेढ़ साल की मासूम बच्ची को लेकर जा रही महिला पर अचानक कुत्ते ने हमला कर दिया। मां ने बच्ची को बचाने के लिए साहस दिखाया और करीब 20 सेकंड तक कुत्ते से संघर्ष किया।
केशव नगर निवासी राधा पत्नी लोकेश जांगिड़ अपनी बेटी को गोद में लेकर परिवार के अन्य बच्चों के साथ रविवार शाम घर से निकली। केशव नगर में पंचराणा मंदिर से जटवाड़ा जाने वाले रास्ते में एक निजी स्कूल के पास अचानक एक आवारा कुत्ता सामने आ गया और उसने राधा पर हमला कर दिया।
कुत्ता सीधे गोद में लिपटी मासूम पर झपटा और कपड़े खींचकर बच्ची को गिराने की कोशिश की। बेटी को बचाने के लिए राधा ने कुत्ते से भिड़कर उसे रोकने की कोशिश की। इस दौरान कुत्ते ने महिला के हाथ को काट लिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो कुत्ता भाग गया। घायल मां-बेटी का अस्पताल में उपचार कराया गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद लोगों में भय व आक्रोश व्याप्त हो गया। लोगों ने बताया कि एक सप्ताह पहले भी कुत्ते की तीन जनों को कुत्ते ने काट लिया था।
नगर परिषद आयुक्त को भी पूर्व में ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अब तक कुत्तों को नहीं पकड़ा गया। इससे लोगों में रोष बना है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा है।