
गंगापुरसिटी। वजीरपुर नगरपालिका चुनाव में नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। वार्ड 14 से भाजपा उम्मीदवार मुकेश बैरवा का नामांकन पत्र खारिज हो गया। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी पूरनमल का अकेला नामांकन रहने के कारण अब निर्विरोध चुना जाना तय है। बैरवा का नामांकन-पत्र आपराधिक कारणों से हुआ बताया जा रहा है। गंभीर बात तो यह है कि बैरवा हाल ही में भाजपा में शामिल हुए थे और उनको नगरपालिका अध्यक्ष का दावेदार माना जा रहा था। बैरवा पूर्व में विधायक का चुनाव भी लड़ चुके हैं।
वहीं वार्ड 13 से भी भाजपा के सामलिया का भी नामांकन पत्र खारिज हुआ है। निर्वाचन विभाग के सूत्रों के अनुसार एक ही मतदाता दो उम्मीदवारों का प्रस्तावक बनने के कारण यह पर्चा खारिज किया गया है। इधर, कांग्रेस को भी दिक्कत आ गई है। वार्ड 19 से कांग्रेस प्रत्याशी उमेश चन्द का पर्चा खारिज हो गया। बताया जा रहा है कि उसने नामांकन पत्र में वार्ड 17 लिख दिया था, उसको टिकट वार्ड 19 से दिया है।
एक ओर जहां राजनीतिक दल बागी प्रत्याशियों को मनाने में जुटे हैं, वहीं गंगापुरसिटी में कांग्रेस को अपूर्व स्थिति का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस के जिला सचिव रविकांत मिश्रा की पत्नी अनुराधा ने वार्ड 12 से निर्दलीय नामांकन दाखिल किया है। हालांकि, जिला सचिव मिश्रा स्वयं वार्ड 21 से कांग्रेस प्रत्याशी है। विधायक रामकेश मीना के करीबी माने जाने वाले मिश्रा की पत्नी अनुराधा का निर्दलीय पर्चा दाखिल करना शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। खास बात यह है कि उन्होंने कांग्रेस के टिकट के लिए आवेदन नहीं किया था।
पत्रिका से बातचीत में रविकांत मिश्रा ने बताया कि लोकतंत्र में चुनाव लड़ने का सभी को अधिकार है। उन्होंने पत्नी को नामांकन वापस लेने के लिए समझाया, लेकिन वह नहीं मानीं। हालांकि, वे नामांकन वापस कराने के लिए प्रयास करने की बात कह रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने वार्ड 12 से प्रियंका शर्मा को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। उनके पति मदन पचौरी निवर्तमान पार्षद हैं। इधर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंदिरा मीना ने कहा कि अभी नामांकन वापसी का समय है। यदि नामांकन वापस नहीं लिया जाता है, तो पार्टी स्तर पर कार्रवाई का निर्णय किया जाएगा।
बामनवास नगर पालिका चुनाव में भाजपा और कांग्रेस की ओर से प्रत्याशियों की घोषणा के बाद अब दोनों ही प्रमुख दलों के सामने बागियों को साधने की चुनौती खड़ी हो गई है। टिकट वितरण के बाद करीब आधा दर्जन वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बागी प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतर गए हैं। ऐसे में पार्टी प्रत्याशियों के सामने अपने ही खेमे के असंतुष्ट दावेदारों से मुकाबला करना पड़ेगा। नगर पालिका के सभी 20 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। दोनों दलों ने एक भी वार्ड खाली नहीं छोड़ा है। टिकट वितरण के बाद कई वार्डों में पार्टी से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे दावेदारों ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया है। इससे चुनावी मुकाबला और अधिक रोचक हो गया है।