सवाई माधोपुर

Rajasthan Crime: बारात में DJ पर नाचने को लेकर विवाद, युवक की बेरहमी से हत्या; मातम में बदली शादी की खुशियां

Sawai Madhopur Crime: सवाईमाधोपुर में सोमवार रात एक शादी समारोह में उस समय मातम पसर गया, जब डीजे पर नाचने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया।

less than 1 minute read
rajasthan police
राजस्थान पुलिस। पत्रिका फाइल फोटो

सवाईमाधोपुर। शहर के सीमेंट फैक्ट्री इलाके में सोमवार रात एक शादी समारोह में उस समय मातम पसर गया, जब डीजे पर नाचने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया। बारात में शामिल कोटा निवासी 28 वर्षीय युवक विशाल पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मानटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के अनुसार रात करीब साढ़े दस बजे बारात संजय कलोशिया के घर आई थी। इसी दौरान डीजे पर नाचने को लेकर कुछ युवकों में कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्साए युवकों ने विशाल पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घायल हालत में युवक को लाया गया अस्पताल। फोटो: पत्रिका

थाने में दर्ज कराया मामला

मृतक विशाल, कोटा के शकरपुरा थाना क्षेत्र की काली बस्ती का रहने वाला था। पिता रघुवीर चंद ने मानटाउन थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

इलाके में सन्नाटा, मातम में बदली खुशियां

घटना की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और लोग स्तब्ध रह गए कि महज डीजे पर नाचने की बात इतनी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकती है।

Published on:
17 Mar 2026 10:43 am
Also Read
View All