
प्रतीकात्मक तस्वीर और इनसेट में मृतका की फाइल फोटो: पत्रिका
Brutal Murder Of Elderly Woman In Nagaur: लाखों रुपए के आभूषण पहनने वाली एक बुजुर्ग महिला की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। महिला का सिर और पैरों के पंजे काटकर अलग कर दिए गए और शव को कट्टे में डालकर झाड़ियों में फेंक दिया।
आशंका है कि ज्वेलरी लूटने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया। शव मिलने के स्थान से कुछ दूरी पर महिला के कटे हुए पैर भी पड़े मिले हैं। महिला रविवार को घर से बाजार जाने के लिए निकली थी, वह लौटी नहीं, अगले दिन सोमवार को एक चरवाहे ने उसका शव देखा।
वारदात नागौर जिले के पादूकलां थाना क्षेत्र की है। आरोपियों ने महिला का गला काटने के साथ ही दोनों पैरों के पंजे भी अलग कर दिए। महिला के शरीर से करीब 7 लाख रुपए के जेवर भी गायब बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार महिला ने गले में सोने की ठुसी (नेकलेस), कानों में झुमके, पैरों में चांदी के कड़ला, चांदी झड़ा, चांदी का कंदोरा और सोने का बोर पहन रखा था, जो घटना के बाद गायब मिले।
पुलिस के अनुसार पालड़ी गांव निवासी नाथी देवी (75) रविवार सुबह करीब 11 बजे बाजार जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने पूरी रात उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे पंचरडा गांव के कांकड़ क्षेत्र में बकरी चरा रहे एक युवक को झाड़ियों में एक कट्टा पड़ा दिखाई दिया। संदेह होने पर उसने कट्टे में झांककर देखा तो उसमें एक महिला का शव दिखाई पड़ा। इसके बाद उसने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर पादूकलां थानाधिकारी उमाशंकर शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस को ग्रामीणों ने बताया कि कट्टे का मुंह रस्सी से मजबूती से बांधा हुआ था। जब कट्टा खोला गया तो उसमें बुजुर्ग महिला का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। शव से कुछ दूरी पर महिला के कटे हुए पैर भी पड़े मिले।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वारदात किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को पहचान छिपाने के उद्देश्य से यहां लाकर फेंक दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हरसौर के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Published on:
17 Mar 2026 10:01 am
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
