
मामला दर्ज करती पुलिस टीम की प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका
Niece Shot By Maternal Uncle: नागौर जिले के रोल थाना क्षेत्र में रविवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। यहां घर में मामूली बात को लेकर हुए विवाद के बाद एक मामा ने अपनी ही छह साल की मासूम भांजी को गोली मार दी। गोली लगने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और हड़कंप मच गया। पुलिस ने बच्ची के काका की रिपोर्ट पर आरोपी मामा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मूंडवा निवासी रामूराम वनबागरिया ने रोल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी छह वर्षीय भतीजी रोशन पुत्री कैलाश बनबागरिया कुछ समय से सरासनी गांव में अपने नाना के घर रह रही थी। रविवार को घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची ने नाना की बात नहीं मानी जिससे घर के लोग नाराज हो गए।
आरोप है कि इसी बात से गुस्साए मामा चैनाराम वनबागरिया ने बंदूक उठा ली और गुस्से में बच्ची पर गोली चला दी। गोली लगते ही रोशन जमीन पर गिर गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग भी सकते में आ गए और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही नागौर जिले के रोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मृतका के काका रामूराम की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी मामा चैनाराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। मामले की जांच सुरपालिया थाना अधिकारी सुमन कुल्हरी को सौंपी गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन उसकी तलाश जारी है।
Updated on:
17 Mar 2026 02:09 pm
Published on:
17 Mar 2026 08:56 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
