सीकर

Khatushyam Lakkhi Mela 2026: खाटूश्यामजी के 4.10 लाख भक्तों ने लगाई धोक, इस अफवाह से मेले में घटी श्रद्धालुओं की भीड़

Khatu Shyam Falgun Mela 2026: सोशल मीडिया मैसेज वायरल हुआ कि बाबा श्याम के दर्शनों के लिए 40 किलोमीटर पैदल चलना पड़ेगा। भ्रामक सूचना ने देश-दुनिया के श्याम भक्तों की चिन्ता बढ़ा दी।

2 min read
Feb 24, 2026
फोटो: पत्रिका

बाबा श्याम के फाल्गुनी मेले में रींगस से खाटू मार्ग पर दिन-रात बाबा के जयकारे गूंज रहे है। हाथों में ध्वजा और जुबां पर मनौतियों के साथ लगातार पदयात्राएं श्याम नगरी में पहुंच रही है। फाल्गुनी लक्खी मेले के तीसरे दिन आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। आठ दिवसीय फाल्गुनी लक्खी मेले के तीसरे दिन शाम तक चार लाख दस हजार भक्तों ने बाबा श्याम के दरबार में शीश नवाया।

75 फुट मार्ग पर स्थापित अत्याधुनिक गणना कैमरों के माध्यम से श्रद्धालुओं की सटीक गणना हो रही है। पहले दिन एक लाख 24 हजार, दूसरे दिन 1 लाख 97 हजार तृतीय दिन सायं तक 88,000 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। रींगस रोड से तोरणद्वार, अस्पताल चौराहा, गढ़ धर्मशाला, रामजी द्वार होते हुए 75 फुट मार्ग की 14 कतारों से दर्शन की व्यवस्था की गई है। लंबी कतारों के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह और श्रद्धा का भाव स्पष्ट दिखाई दे रहा है। सोमवार को बाबा श्याम का पिंक एवं सफेद पुष्पों से मनोहारी श्रृंगार किया गया, जिससे मंदिर परिसर की भव्यता और बढ़ गई।

ये भी पढ़ें

NH-52 Accident: खाटूश्यामजी मेले के दौरान पलटा श्रद्धालुओं से भरा टेंपो, बाइक बचाने के चक्कर में हुआ हादसा, 3 घायल

ड्रोन कैमरे से निगरानी

मेले में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन कैमरों से नजर रखी जा रही है। भक्तों की सहायता के लिए विभिन्न स्थानों पर सहायता डेस्क और खोया-पाया केंद्र स्थापित किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए रींगस-खाटू मार्ग पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। तथा आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात है।

भक्त बोले… कम समय में सुगम हो रहे दर्शन

जयपुर से आई सुनीता, रमा और कौशल्या ने बताया कि वे रोडवेज बस से तोरण द्वार तक पहुंचीं। वहां से करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर मंदिर पहुंचीं और बिना किसी परेशानी के सहज रूप से श्याम बाबा के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि तोरण द्वार से मंदिर तक पहुंचने में एक घंटे से भी कम समय लगा। पूरे मार्ग में व्यवस्थाएं सुचारू रहीं, जिससे दर्शन प्रक्रिया सरल और व्यवस्थित रही।

फाल्गुनी लक्खी मेले की रफ्तार धीमी

सोशल मीडिया अफवाह का असर, तीसरे दिन बढ़ने के बजाय कम हुई भक्तों की संख्या श्याम नगरी में लखदातारी बाबा श्याम के आठ दिवसीय फाल्गुनी वार्षिक लक्खी मेले का सोमवार को तीसरा दिन रहा, लेकिन इस बार मेला अभी तक परवान नहीं चढ़ पाया है। सोशल मीडिया पर मेले से पूर्व प्रसारित भ्रामक अफवाहों का असर मेले के तीसरे दिन भी नजर आया। पहले दिन के मुकाबले उल्टा तीसरे दिन भक्तों की संख्या में कमी नजर आई। सामान्य दिनों में ही बाबा श्याम के दर एक लाख से अधिक भक्त पहुंचते है लेकिन सोमवार को यह आंकड़ा एक लाख तक भी नहीं पहुंच सका।

40 किमी पैदल चलने की अफवाह बनी कारण

मेले से पहले सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट ने भक्तों की परेशानी बढ़ा दी। सोशल मीडिया मैसेज वायरल हुआ कि बाबा श्याम के दर्शनों के लिए 40 किलोमीटर पैदल चलना पड़ेगा। भ्रामक सूचना ने देश-दुनिया के श्याम भक्तों की चिन्ता बढ़ा दी। इस वजह से कई परिवारों ने अपने कार्यक्रमों में बदलाव कर लिया। अब प्रशासन की ओर से लगातार भ्रामक पोस्ट का खंडन भी किया जा रहा है।

गलत सूचना पर नहीं करें भरोसा

श्याम मंदिर कमेटी के व्यवस्थापक संतोष शर्मा के अनुसार सोमवार शाम चार बजे तक करीब 88 हजार श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन किए। इधर मेला मजिस्ट्रेट मोनिका सामोर ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट और भ्रामक खबरों पर विश्वास नहीं करें तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं को ही सही मानें।

ये भी पढ़ें

Silent Heart Attack: दोस्त की दुकान की सीढ़ियां उतरते ही थम गईं सांसें, ढाई साल पहले हुई थी शादी, मासूम बेटा अनाथ

Published on:
24 Feb 2026 02:42 pm
Also Read
View All

अगली खबर