सीकर

राजस्थान में यहां दिलचस्प हुआ चुनावी मुकाबला, भाजपा ने सास-बहू तो कांग्रेस ने मां-बेटे को दिया टिकट

Rajasthan nagar nikay election: शेखावाटी में कई जगह चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। सीकर नगर परिषद में पूर्व सभापति जीवण खां व उनकी पत्नी खतीजा बानो को कांग्रेस ने टिकट दिया है। वहीं फतेहपुर में सगे भाई-बहन को उम्मीदवार बनाया गया है।
3 min read
Sep 01, 2026
laxmangadh nagar palika election
लक्ष्मणगढ़, भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन करती सरोज देवी व उनकी पुत्रवधू शीतल जोशी, Photo- Patrika

Rajasthan nagar nikay election: सीकर। नामांकन दाखिले के बाद भाजपा व कांग्रेस की ओर से जिले की 14 नगर निकायों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की। सीकर, लक्ष्मणगढ़, फतेहपुर में परिवारवाद के कई मामले सामने आए है। सीकर नगर परिषद में पूर्व सभापति जीवण खां व उनकी पत्नी खतीजा बानो को कांग्रेस ने टिकट दिया है। वहीं पूर्व उप सभापति अशोक चौधरी व उनकी पुत्रवधू को कांग्रेस ने मैदान में उतारा है। वहीं भाजपा ने पूर्व विधायक रतन जलधारी के पोते यश जलधारी को टिकट थमाया है।

फतेहपुर: सगे भाई बहन को उतारा मैदान में

भाजपा ने चाचा एवं भतीजे की बहु को टिकट दिया है। वार्ड नं 34 में विमल भारद्वाज को उम्मीदवार बनाया है एवं वार्ड नं 51 में शिवानी शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। शिवानी विमल भारद्वाज की भतीजे की बहु है। इसके अलावा वार्ड नं 48 में दयानंद सैनी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं वार्ड नं 39 में कौशल्या देवी को टिकट दिया है। दयानंद सैनी एवं कौशल्या सगे भाई बहन है।

भाजपा में सास-बहू और कांग्रेस में मां-बेटे की को टिकट

लक्ष्मणगढ़ में भाजपा की ओर से सास-बहू की जोड़ी को टिकट दी गई है जबकि कांग्रेस ने मां-बेटे की जोड़ी को टिकट दी है। भाजपा की ओर से वार्ड 34 में सरोज देवी को तथा वार्ड 29 में उनकी पुत्रवधू शीतल जोशी को टिकट दी गई है।

दोनों सास-बहू ने सोमवार को एक साथ जाकर नामांकन दाखिल किया। दूसरी ओर कांग्रेस में मां-बेटे की जोड़ी को टिकट दी गई है। कांग्रेस ने वार्ड 21 से परमेश्वरी देवी को तथा वार्ड 25 से उनके पुत्र संजीव को टिकट दी है। भाजपा को 16 जबकि कांग्रेस को 5 वार्डों में प्रत्याशी नहीं मिले।

खंडेला में भी पति-पत्नी, पिता-पुत्र को टिकट

नीमकाथाना. नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को उपखंड कार्यालय परिसर में उम्मीदवारों के समर्थकों की रही भीड़। Photo- Patrika

भाजपा ने वार्ड 5 से विकास बडगुर्जर को टिकट दिया है। वहीं वार्ड 6 से विकास बडगुर्जर की पत्नी बिमला को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं कांग्रेस ने वार्ड 13 ओर 9 से पिता-पुत्र पर भरोसा जताया है। वार्ड 13 से भूराराम व वार्ड 9 से उनके पुत्र सुभाष को टिकट दिया है।

कांग्रेस से एक दिन पहले ही भाजपा में शामिल मिला टिकट

लोसल में भाजपा की ओर से जारी की गई सूची में सबसे रोचक बात यह रही कि कांग्रेस छोड़कर एक दिन पहले ही भाजपा में शामिल हुए पूर्व पार्षद नरेश शर्मा को भाजपा ने वार्ड संख्या 21 से उम्मीदवार बनाया है। शर्मा ने 2015 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। इसी वार्ड से पूर्व मंडल अध्यक्ष रहे रमेश शास्त्री टिकट मांग रहे थे बीजेपी ने इनका टिकट काटा है।

श्रीमाधोपुर नामांकन दाखिल करती पूर्व पालिकाध्यक्ष गुलाबी देवी, प्रत्याशियों की भीड़. Photo- Patrika

पूर्व पालिका अध्यक्ष की काटी टिकट

कांग्रेस ने भी भाजपा की तरह ही नए चेहरों पर दांव खेला है। इसमें खास बात रही की पूर्व पालिका अध्यक्ष रहे बाबूलाल कुमावत की कांग्रेस ने टिकट काट दी। वही नए चेहरों के साथ पूर्व बोर्ड में पार्षद रहे गीता देवी, रामेश्वर बाजिया, इमरान लीलगर, मेहराज बानो पर दांव खेला है।