सीकर

नीमकाथाना: निशाना पति था, लग गई चाचा को…पत्नी की कोर्ट मैरिज से भड़के पूर्व पति ने आधी रात घर पर की अंधाधुंध फायरिंग

नीमकाथाना के गणेश्वर स्थित ढाणी लादाला में लव मैरिज से नाराज पहले पति ने साथियों के साथ मिलकर पत्नी के नए घर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में आंगन में सो रहे चचेरे सास (श्रवण गुर्जर) के पैरों में तीन गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
2 min read
• •
Oct 22, 2026
neemka thana love marriage dispute
ढाणी लादाला में हुई फायरिंग की वारदात के बाद मौके पर पुलिस जांच करती हुई (पत्रिका फोटो)

Neemka Thana Love Marriage Dispute: नीमकाथाना/गणेश्वर (सीकर): विवाह से खफा पहले पति ने कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर आधी रात को उस युवक के घर पर फायरिंग कर दी, जिससे महिला ने लव मैरिज की थी। पहाड़ों के बीच बसी ढाणी लादाला में मंगलवार रात करीब एक बजे हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। गोलियों की आवाज के बीच घर के आंगन में सो रहे श्रवण गुर्जर (38) के पैरों में तीन गोलियां लग गईं। परिजन घायल को राजकीय कपिल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां गंभीर हालत में उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस रात करीब दो बजे मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी जयसिंह बसेरा ने घटनास्थल का जायजा लिया। बुधवार सुबह गांव में वारदात की जानकारी मिलने पर ग्रामीण और जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। ग्रामीण कल्याण गुर्जर ने पुलिस से आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

शाम को आए थे बाइक सवार, रात में कर गए फायरिंग

जानकारी के अनुसार, गणेश्वर से करीब 400 मीटर दूर पहाड़ियों के बीच स्थित ढाणी लादाला में मंगलवार शाम करीब चार बजे बाइक सवार सुरज्ञान बावरिया, नारंगी देवी और केदार बावरिया के पहुंचने की बात सामने आई है। सुनीता बावरिया का आरोप है कि उन्हें घर की तरफ आते देखकर वह मकान के पीछे से खेतों की ओर चली गईं।

आरोप है कि इस दौरान उन्हें धमकियां भी दी गईं। इसके बाद रात करीब एक बजे घर पर फायरिंग की गई। सुनीता और उनके पति दूसरे घर में सो रहे थे, जबकि श्रवण गुर्जर (मातादीन गुर्जर के चाचा) बाहर आंगन में सो रहे थे। गोली लगने से श्रवण घायल हो गए। दीवार पर भी गोलियों के निशान होने की बात सामने आई है।

पहले पति से अलग होकर 3 सितंबर को की थी कोर्ट मैरिज

सुनीता बावरिया ने बताया कि उन्होंने 3 सितंबर 2026 को पहले पति केदार बावरिया से अलग होकर मातादीन गुर्जर से कोर्ट मैरिज की थी। सुनीता के अनुसार, उनके माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी और परिजनों ने नाबालिग अवस्था में उनकी शादी केदार बावरिया से कर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पहला पति आए दिन उनके साथ मारपीट करता था। सुनीता का कहना है कि कोर्ट मैरिज के बाद भी उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने 2 अक्टूबर को सदर थाने में शिकायत भी दी थी।

Updated on:
22 Oct 2026 11:05 am
Published on:
22 Oct 2026 11:05 am