
सड़क हादसे में मृतक नवदंपती कुशाल और निशा (पत्रिका फोटो)
Udaipur Road Accident Newlywed Couple Dies: जिस घर में छह महीने पहले कुशाल और निशा की शादी की खुशियां गूंजी थीं, वहां अब मातम पसरा है। नई जिंदगी की शुरुआत करने वाले इस नवविवाहित जोड़े का साथ एक सड़क हादसे ने हमेशा के लिए छीन लिया। बुधवार दोपहर उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में स्मेल्टर ब्रिज पर तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से कुशाल (27) और उनकी पत्नी निशा (24) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कुशाल के पिता रंगलाल कीर भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के कीरखेड़ा चाकुड़ा निवासी रंगलाल कीर वर्तमान में पुराना आरटीओ क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहे थे। बुधवार को वह अपने बेटे कुशाल और बहू निशा के साथ स्कूटर पर पैतृक गांव जाने के लिए निकले थे। दोपहर करीब 1.30 बजे घाटावाला माताजी के आगे स्मेल्टर ब्रिज पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटर सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर गिर गए। इसी दौरान कंटेनर का पहिया कुशाल और निशा के ऊपर से निकल गया। गंभीर चोटों के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, रंगलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने घायल रंगलाल को एमबी अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। कुशाल और निशा के शव मुर्दाघर पहुंचाए गए। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
कुशाल और निशा की शादी महज छह महीने पहले, 26 अप्रैल को हुई थी। अभी दोनों को साथ जिंदगी के कई पड़ाव पार करने थे, लेकिन एक हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
रंगलाल के भाई शांतिलाल कीर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया, रंगलाल करीब 25 साल से पुराना आरटीओ क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहे थे। रंगलाल सब्जी बेचकर परिवार का गुजर-बसर करते हैं और बेटा कुशाल भी उनके साथ काम करता था। निशा का पीहर दरोली में है। हादसे के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस कंटेनर चालक की तलाश कर रही है।
Updated on:
22 Oct 2026 10:31 am
Published on:
22 Oct 2026 10:31 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
