सीकर

राजस्थान के 27 लाख से ज्यादा किसानों को बांटा जाएगा ब्याजमुक्त लोन, सीकर में डेढ़ लाख किसानों में बंटेंगे 791 करोड़

राजस्थान के करीब 27 लाख से ज्यादा किसानों को ब्याजमुक्त लोन बांटा जाएगा। प्रदेश में सहकारी बैंकों की ओर से मुख्यालय में ऋण वितरण की सूचना भिजवाई जा रही है। सीकर केन्द्रीय सहकारी बैंक की ओर से 791 करोड़,रुपए का ब्याज मुक्त लोन बांटने का लक्ष्य रखा गया है।
2 min read
May 19, 2026
indian rupees
रुपए (Photo-X)

सीकर। राजस्थान में सहकारिता को बढ़ावा देने के लिए सहकारी बैंक ने तिजोरी खोलने की कवायद शुरू कर दी है। कवायद के तहत राजस्थान के करीब 27 लाख से ज्यादा किसानों को ब्याजमुक्त लोन बांटा जाएगा। ब्याजमुक्त लोन मिलने से किसान खरीफ सीजन की बुवाई के दौरान साहूकारों के चंगुल में आकर ऊंची ब्याजदरों पर कर्ज लेने से काफी हद तक बच सकेंगे। साथ ही सहकारिता विभाग की ओर से खरीफ सीजन में नए सदस्यों को भी जोड़ा जाएगा। जिससे हजारों किसानों को फायदा होगा। इसको लेकर प्रदेश में सहकारी बैंकों की ओर से मुख्यालय में ऋण वितरण की सूचना भिजवाई जा रही है।

सीकर में डेढ लाख किसानों को लाभ मिलेगा

सीकर केन्द्रीय सहकारी बैंक की ओर से 791 करोड़,रुपए का ब्याज मुक्त लोन बांटने का लक्ष्य रखा गया है। सीकर जिले में इस ब्याज मुक्त मुक्त लोन वितरण से जिले के डेढ लाख से ज्यादा सदस्य किसान सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। साथ ही खरीफ सीजन में पांच हजार नए सदस्य बनाए जाएंगे। गौरतलब है कि ब्याज लोन की राशि पर लगने वाले ब्याज की तीन प्रतिशत राशि केन्द्र सरकार और चार प्रतिशत राज्य सरकार वहन करती है।

डिफाल्टर को नहीं मिलेगा लोन

ब्याज मुक्त लोन की अधिकतम सीमा फिलहाल डेढ़ लाख रुपए है। नया लोन डिफाल्टर किसानों को नहीं बांटा जाएगा। सहकारी बैंक का नया सदस्य बनने के लिए संबंधित किसान को खेत की जमाबंदी, बैंक पासबुक व जनाधार कार्ड के जरिए आवेदन करना होगा। इस आवेदन के बाद ग्राम सेवा सहकारी समिति की ओर से नया लोन स्वीकृत किया जाएगा। गौरतलब है कि जिले में 321 ग्राम सेवा सहकारी समितियां लोन वितरण के काम से जुटी हुई है।

ब्याज मुक्त लोन मिलने वाली राशि से किसानों को खेती के लिए बिना ब्याज के ऋण उपलब्ध होगा, जिससे उन्हें निजी साहूकारों या ऊंची ब्याज दर वाले कर्ज पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे छोटे और सीमांत किसानों को सबसे अधिक राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि वे अक्सर पूंजी की कमी से जूझते हैं।

इनका कहना है

राजस्थान के सभी बैंकों खरीफ सीजन में ब्याजमुक्त लोन वितरण के लिए से लक्ष्य दे दिए गए हैं। सीकर केन्द्रीय सहकारी बैंक की ओर से 791 करोड़ रुपए के लोन वितरण का लक्ष्य रखा गया है।

  • मुकेश निठारवाल, मुख्य प्रबंधक, सीकर केन्द्रीय सहकारी बैंक
Updated on:
19 May 2026 03:11 pm
Published on:
19 May 2026 03:07 pm