
सीकर। पुलिस कंट्रोल रूम के सामने सिल्वर जुबली रोड स्थित ज्वैलरी शोरूम में 26 जुलाई को छह बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग और डकैती के प्रयास का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 15 पुलिस टीमों ने चार हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बिहार की अंतरराज्यीय डकैत गैंग से जुड़े तीन बदमाशों को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार किया है। तीनों हरियाणा से कार से बिहार जा रहे थे। सीकर लाने के बाद दादिया थाना क्षेत्र के रघुनाथगढ़ में एक आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। मामले में पांच बदमाश अभी फरार हैं। पुलिस के अनुसार गैंग का सरगना राजीव सिंह उर्फ उल्लू सिंह निवासी समस्तीपुर, बिहार है। वह बिहार से गैंग की मॉनिटरिंग करता है। गैंग में 132 से अधिक डकैत और लुटेरे शामिल हैं। ये अलग-अलग राज्यों में रहकर बड़े ज्वैलरी शोरूम की करीब 10 दिन तक रैकी करते हैं।
वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए छोटे रास्तों का रूट चार्ट पहले ही तैयार कर लेते हैं। ज्वैलरी शोरूम में बिड्डू कुमार उर्फ अजीत आनंद नवादा पांच अन्य बदमाशों के साथ हथियार लेकर घुसा था। वहीं गिरफ्तार राहुल कुमार उर्फ चोना और संजीव कुमार जयपुर ग्रामीण के अमरसर थाना क्षेत्र में कार लेकर छहों बदमाशों का इंतजार कर रहे थे। योजना थी कि डकैती के बाद लूटे गए गहने इसी कार से अलग रास्ते से बिहार ले जाए जाएंगे। शोरूम के सुरक्षाकर्मी से बदमाशों की भिड़ंत और सायरन बजने के बाद वे घबरा गए और वारदात अधूरी छोड़कर भाग गए।
आरोपी हरियाणा के कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल और अंबाला में फरारी काट रहे थे। इसी दौरान कैथल में इसी कंपनी के ज्वैलरी शोरूम की रैकी कर रहे थे और वहां डकैती की तैयारी में थे। इससे पहले ही सीकर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार बिड्डू कुमार उर्फ अजीत आनंद नवादा पर बिहार में 50 हजार रुपए का इनाम घोषित है। वह 27 करोड़ रुपए की डकैती की वारदात में भी वांछित है। उसके खिलाफ कर्नाटक के मैसूर सहित बिहार के कई जिलों में लूट, डकैती, हत्या, मादक पदार्थ, अवैध हथियार और फायरिंग के 12 मामले दर्ज हैं।
राहुल कुमार उर्फ चोना के खिलाफ उत्तराखंड के देहरादून, पश्चिम बंगाल और बिहार के कई जिलों में लूट, डकैती, हत्या और अवैध हथियार के 19 मामले दर्ज हैं। संजीव कुमार के खिलाफ पटना में लूट, डकैती, अवैध हथियार और फायरिंग सहित 17 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल तीन स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल और लग्जरी कार जब्त की है। तीनों मोटरसाइकिलों पर हरियाणा की फर्जी नंबर प्लेट और कार पर चिड़ावा की फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। कार की चार और मोटरसाइकिलों की कई राज्यों की फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुई हैं। दो बाइक गुरुग्राम से चोरी की गई थीं। एक बाइक के चेचिस और इंजन नंबर ग्राइंडर से मिटाए गए थे। तीनों मोटरसाइकिल कैथल बस डिपो, करनाल रेलवे स्टेशन के पास और कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन की पार्किंग से बरामद की गईं।
लक्ष्मणगढ़ सीओ दिलीप मीणा ने बताया कि आईजी राहुल प्रकाश और एसपी प्रवीण नायक नुनावत के निर्देशन में एएसपी डॉ. तेजपाल सिंह के पर्यवेक्षण में 15 टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने घटनास्थल, हर्ष, खाटूश्यामजी, अमरसर और नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा के चार हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद आरोपियों की पहचान कर मेरठ में दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिड्डू कुमार उर्फ अजीत आनंद नवादा (28) पुत्र सदनशाह निवासी बैरिया, चौनपुर, मोतिहारी, बिहार, राहुल कुमार उर्फ चोना (26) पुत्र दीपक महतो कुर्मी निवासी शकूरपुरा, बेगूसराय, बिहार और संजीव कुमार (30) पुत्र नरेश कुमार कुर्मी निवासी दरगाही टोला, पटना, बिहार के रूप में हुई है।