जयपुर

Indian Railways : होली पर यूपी-बिहार की ट्रेनें फुल, कई में ‘रिग्रेट’, जानें क्या हो सकता है विकल्प

Indian Railways : होली पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर। होली पर यूपी-बिहार रूट की ट्रेनें फुल हो गई है। रेलवे होली स्पेशल ट्रेनें चला रहा है पर राहत की उम्मीद कम दिख रही है। पर राहत की बात यह है कि हवाई किराए में बस हल्की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। पढ़ें पूरी खबर।

2 min read
फाइल फोटो पत्रिका

Indian Railways : होली पर्व पर घर लौटने वाले परदेसियों की जद्दोजहद शुरू हो गई हैं। बढ़ते यात्रीभार को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाने और कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने शुरू कर दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद यात्रियों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही। हालात यह है कि 25 फरवरी से 3 मार्च के बीच जयपुर से चलने वाली लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनें फुल हो चुकी है। उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग और नो-रूम (रिग्रेट) की स्थिति बनी हुई है।

स्लीपर ही नहीं, बल्कि एसी कोच में भी यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में होली पर घर जाने की योजना बना रहे यात्रियों के लिए परेशानी बढ़ गई है। इस मामले में रेलवे अधिकारियों का कराना है कि, ज्यादा यात्रीभार वाले रूटों पर स्पेशल ट्रेनों और चलाई जाएगी। जिससे राहत मिल पाएगी।

ये भी पढ़ें

Rajasthan News : खत्म हुआ सस्पेंस, जानें होलिका दहन और धुलंडी की सही तारीख कब है

ये हैं मौजूदा हालात

जयपुर से सियालदह जाने वाली अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस में 28 फरवरी से 3 मार्च तक किसी भी श्रेणी में बुकिंग उपलब्ध नहीं है। हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस में स्लीपर और एसी दोनों श्रेणियों में लंबी वेटिंग चल रही है। 27 फरवरी से 2 मार्च के बीच लखनऊ जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस, पोरबंदर एक्सप्रेस, कविगुरु एक्सप्रेस और अहमदाबाद-लखनऊ एक्सप्रेस में एसी कोच की बुकिंग बंद हो चुकी है।

28 फरवरी को मुंबई जाने वाली स्पेशल ट्रेन भिवानी-मुंबई एक्सप्रेस में स्लीपर श्रेणी, जयपुर मुंबई सुपरफास्ट ट्रेन में सेकण्ड एसी श्रेणी में भी रिग्रेट की स्थिति बनी हुई है।

इसी तरह वाराणसी जाने वाली मरूधर एक्सप्रेस में 28 फरवरी से 2 मार्च तक सेकंड एसी और स्लीपर दोनों श्रेणियों में रिग्रेट मिल रहा है। 2 मार्च को गुवाहाटी जाने वाली कविगुरु एक्सप्रेस में भी स्लीपर और थर्ड एसी इकोनॉमी कोच में सीट उपलब्ध नहीं है। इनके अलावा कई अन्य रूटों पर भी टिकटों की भारी मारामारी देखी जा रही है।

राहत : हवाई किराए में हल्की बढ़ोत्तरी

इधर, हवाई सफर करने वालों के लिए इस बार कुछ राहत है। जयपुर से अधिकांश रूटों पर हवाई किराया सामान्य दिनों की तुलना में केवल 10 से 30 फीसदी तक ही बढ़ा है, जबकि कुछ रूटों पर किराया लगभग सामान्य बना हुआ है।

ऐसे में जिन यात्रियों को ट्रेन में कंफर्म सीट नहीं मिल रही, उनके लिए हवाई यात्रा बेहतर विकल्प साबित हो सकती है। हालांकि, त्योहार के दौरान परिवार के साथ यात्रा करने वालों के लिए हवाई सफर अब भी महंगा पड़ रहा है, जिससे कई लोग मजबूरी में ट्रेन टिकट का इंतजार कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Civic Elections : राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव पर नया अपडेट, सुप्रीम कोर्ट पहुंची भजनलाल सरकार
Published on:
26 Feb 2026 08:49 am
Also Read
View All