श्री गंगानगर

राजस्थान के 50 लाख रुपए फिरौती मामले में दुबई कनेक्शन का हुआ खुलासा, मास्टरमाइंड निकला पंजाब ट्रिपल मर्डर का आरोपी

Rajasthan Ransom Case Accused Arrested: राजस्थान में 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि रंगदारी के लिए इस्तेमाल किया गया व्हाट्सएप अकाउंट दुबई से लिए गए OTP के जरिए सक्रिय किया था। मामले का मास्टरमाइंड पंजाब के चर्चित ट्रिपल मर्डर केस से भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

2 min read
Ransom
फोटो-AI

Rajasthan Crime News: 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर चौथे आरोपी विशाल (21) निवासी धालीवाल दोना कॉलोनी, थाना बडला चौकी सदर कपूरथला, जिला कपूरथला (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया है।

इससे पहले महकदीप सिंह (22), अमरीक सिंह (26) और जगदीप सिंह उर्फ प्रदीप सिंह (24) निवासी धक्का बस्ती घड़साना को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा चुका है।

थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड ने बताया कि 17 फरवरी 2026 को परिवादी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 12 फरवरी को उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल के जरिए कार्तिक जाखड़ का नाम लेकर 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि जिस विदेशी व्हाट्सएप नंबर से कॉल की गई, वह व्हाट्सएप आईडी विशाल ने महकदीप और अमरीक के मोबाइल पर शुरू करवाई गई थी।

दुबई से OTP लेकर शुरू कराया व्हाट्सएप

जांगिड के अनुसार विशाल घड़साना में अपने मामा के यहां आया था, जहां उसका संपर्क महकदीप और अन्य आरोपियों से हुआ। जानकारी मिलने पर कि वह दुबई होकर आया है, आरोपियों ने उससे दुबई नंबर से व्हाट्सएप शुरू करवाने को कहा।

विशाल ने अपने जानकार से ओटीपी मंगवाकर विदेशी नंबर से व्हाट्सएप सक्रिय कराया। इसी नंबर से कपड़ा व्यापारी को दो बार कॉल कर रंगदारी मांगी गई। पुलिस अन्य संभावित सहयोगियों की भी जांच कर रही है।

चर्चित ट्रिपल मर्डर और रंगदारी से कनेक्शन

पुलिस के अनुसार महकदीप सिंह का आपराधिक इतिहास गंभीर है। वर्ष 2019 में धक्का बस्ती के शंकर की हत्या तथा 7 नवंबर 2023 को पंजाब के तरनतारन जिले के हरिके थाना क्षेत्र के तुंग गांव में इकबाल सिंह, लखविंद्र कौर और सतनाम कौर के ट्रिपल मर्डर में उसकी संलिप्तता उजागर हुई थी। 10 दिसंबर 2022 को हनुमानगढ़ के व्यापारी इंद्र हिसारिया की दुकान पर फायरिंग में भी उसकी भूमिका रही। हालिया प्रकरण में वह 50 लाख की रंगदारी मांगने का मास्टरमाइंड पाया गया है।

Updated on:
23 Feb 2026 02:21 pm
Published on:
23 Feb 2026 01:02 pm