
Chemist Murder Case: श्रीगंगानगर में जवाहरनगर थाना क्षेत्र की शंकर कॉलोनी में रहने वाले एक युवा केमिस्ट की हत्या कर शव हरियाणा के अबूबशहर क्षेत्र में राजस्थान कैनाल नहर में फेंकने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को हनुमानगढ़ के मसीतांवाली हैड से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मामले में लिव इन में रह रही महिला, उसके बेटे, दामाद और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या व अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए हैं और पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
श्रीगंगानगर में जवाहर नगर थाना पुलिस के अनुसार एसएसबी रोड पर मेडिकल स्टोर संचालित करने वाला 34 वर्षीय कपिल जिंदल मूल रूप से पदमपुर का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से सुखविन्द्र कौर उर्फ सुखजीत कौर के साथ लिव इन रिलेशन में रह रहा था। आरोप है कि रविवार देर रात दो कारों में सवार होकर आए महिला के बेटे, दामाद और उनके 5-6 साथियों ने कपिल के किराए के मकान में उस पर हमला कर दिया। परिजनों के अनुसार आरोपियों ने कपिल के साथ मारपीट की और उसका अपहरण कर ले गए। सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 2 बजे कुछ लोग कपिल को ले जाते दिखाई दिए हैं। फुटेज में महिला भी उनके साथ नजर आई।
जवाहरनगर थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि हनुमानगढ़ जिले में राजस्थान कैनाल नहर की मसीतांवाली हैड पर कपिल का शव बरामद हुआ है। मौके से खून से सने कपड़े और अन्य सामान भी जब्त किया गया है। मृतक के मामा विनय गर्ग की रिपोर्ट पर अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला का पहले पति से मिली संपत्ति बेचने के बाद रुपए के लेनदेन को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। बेटे को शक था कि यह राशि कपिल जिंदल को दे दी गई है। पुलिस इसी विवाद को हत्या की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है।
जवाहर नगर थाना पुलिस के अनुसार मामले में लिव इन महिला पार्टनर, उसके बेटे और दामाद पर अपहरण और हत्या करने का संदेह है। पुलिस ने सभी आरोपियों से पूछताछ के लिए संपर्क करने का प्रयास किया। लेकिन वह भूमिगत हो गए हैं। हालांकि पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।