
फाइल फोटो- पत्रिका
श्रीगंगानगर। घमूड़वाली थाना क्षेत्र के पास गंग कैनाल की बारहमासी नहर में मिले किशोरी के शव की पहचान हो गई है। मृतका की पहचान 17 वर्षीय आयुषी अरोड़ा के रूप में हुई है, जो हनुमानगढ़ जंक्शन क्षेत्र के वार्ड 48 स्थित सब्जी मंडी मुख्य बाजार की रहने वाली थी। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
घमूड़वाली थाना प्रभारी प्रशिक्षु आरपीएस प्रियंका ने बताया कि किशोरी 13 मई को अपने घर से लापता हो गई थी। इस संबंध में उसके पिता ने हनुमानगढ़ जंक्शन थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। जांच अधिकारी और हनुमानगढ़ जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां भी परिजनों के साथ शव लेने पहुंचे। मृतका सरकारी स्कूल की यूनिफॉर्म पहने हुई थी। शव के दोनों हाथ दुपट्टे से आगे की ओर बंधे मिले हैं। ऐसे में मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने नहर में शव बहता हुआ देखा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इसके बाद शव की पहचान के प्रयास शुरू किए गए। घमूड़वाली पुलिस ने मृतका की फोटो और हुलिए के आधार पर आसपास के क्षेत्रों के अलावा पंजाब और हरियाणा पुलिस से भी संपर्क किया था। इसी दौरान हनुमानगढ़ पुलिस ने लापता किशोरी के बारे में जानकारी जुटाकर पहचान की पुष्टि की।
पुलिस के अनुसार छात्रा 13 मई को हनुमानगढ़ जंक्शन निवासी एक युवक के साथ घर से गई थी। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने श्रीगंगानगर के जवाहरनगर क्षेत्र में दबिश दी, लेकिन युवक अपने घर पर नहीं मिला। पुलिस ने उसके परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई है। शुक्रवार देर रात तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया था। बताया जा रहा है कि युवक भी पिछले दो दिन से लापता है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी लगातार खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
Updated on:
16 May 2026 03:15 pm
Published on:
16 May 2026 03:15 pm
