13 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CBSE 12th Result: योगिता बिश्नोई ने 98.6% अंक हासिल कर श्रीगंगानगर जिले में किया टॉप, खुशबू और चेष्ठा ने भी मारी बाजी

CBSE 12th Result: सीबीएसई 12वीं परीक्षा परिणाम में इस बार बेटियों का दबदबा रहा। श्रीगंगानगर जिले की छात्राओं ने शानदार अंक हासिल कर परचम लहराया। जिले की छात्राओं ने तीनों संकायों में शानदार प्रदर्शन किया। योगिता बिश्नोई ने 98.6 फीसदी अंक हासिल कर जिले में टॉप किया।

2 min read
Google source verification
sri Ganganagar CBSE topper

श्रीगंगानगर जिले में योगिता बिश्नोई ने किया टॉप (फोटो-पत्रिका)

श्रीगंगानगर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। इस बार अजमेर रीजन का कुल परिणाम 86.78 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष के 90.40 प्रतिशत की तुलना में कम है। देशभर में अजमेर रीजन 11वें स्थान पर रहा। वहीं श्रीगंगानगर जिले में बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया। कला वर्ग में नोजगे पब्लिक स्कूल की छात्रा योगिता बिश्नोई ने 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया।

जिले में वाणिज्य वर्ग में गुडशेफर्ड पब्लिक स्कूल की छात्रा खुशबू पारीक ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। विज्ञान संकाय में इसी विद्यालय की छात्रा चेष्ठा गेरा ने 96.4 प्रतिशत अंक अर्जित किए। परिणाम घोषित होते ही स्कूलों और घरों में खुशी का माहौल रहा। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर सफलता का जश्न मनाया।

नियमित पढ़ाई सफलता की असली कुंजी

सीबीएसई 12वीं वाणिज्य वर्ग में गुडशेफर्ड पब्लिक स्कूल की छात्रा खुशबू पारीक ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की। खुशबू ने बताया कि वह सामान्य दिनों में रोजाना दो से तीन घंटे और परीक्षा के समय पांच से छह घंटे पढ़ाई करती थीं। उनका मानना है कि नियमित अध्ययन और हर दिन कुछ नया सीखने की आदत ही सफलता दिलाती है।

प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य

खुशबू ने अपनी उपलब्धि का श्रेय पिता राजेंद्र प्रसाद व्यास, माता बसंती व्यास और स्कूल स्टाफ को दिया। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर समय खराब नहीं करती थी, हालांकि सीखने के लिए सीमित उपयोग जरूर करती थी। खुशबू का कहना है कि विद्यार्थियों को अंकों के पीछे भागने की बजाय निरंतर पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए। उनका सपना प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज और देश की सेवा करना है।

सकारात्मक सोच से मिली सफलता

नोजगे पब्लिक स्कूल की छात्रा योगिता बिश्नोई ने सीबीएसई 12वीं कला वर्ग में 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया। योगिता ने बताया कि वह नियमित रूप से एकाग्रता के साथ पढ़ाई करती थीं और परीक्षा के दौरान रोजाना छह से आठ घंटे अध्ययन करती थीं। उन्होंने कहा कि स्कूल में तैयारी के लिए विशेष सेल बनाया गया था, जहां विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाता था।

योगिता ने अपनी सफलता का श्रेय पिता एडवोकेट उदयपाल बिश्नोई, माता रेणुका और दादा पृथ्वीराज रोझ को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और स्कूल स्टाफ ने लगातार सकारात्मक सोच के साथ प्रेरित किया। योगिता का सपना प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज और देश की सेवा करना है।

नियमित प्रयास सफलता की सबसे बड़ी कुंजी

नोजगे पब्लिक स्कूल की छात्रा चेष्ठा गेरा ने सीबीएसई 12वीं विज्ञान संकाय में 96.4 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। चेष्ठा ने बताया कि उन्होंने नियमित रूप से लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई की थी, लेकिन इतने अच्छे अंक आएंगे इसकी उम्मीद नहीं थी। परिणाम देखकर उन्हें एक बार खुद भी विश्वास नहीं हुआ। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय पिता पवन कुमार गेरा, माता ललिता कुमारी और स्कूल शिक्षकों को दिया।

डॉक्टर बनना चाहती हैं चेष्ठा गेरा

चेष्ठा ने बताया कि वह सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखती थीं। उन्होंने नीट परीक्षा भी दी है और उनका पेपर अच्छा हुआ है। चेष्ठा का सपना डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना है। उनका कहना है कि विद्यार्थी अपनी गलतियों से सीखकर सुधार करे तो सफलता जरूर मिलती है। नियमित और छोटे-छोटे प्रयास ही बड़ी उपलब्धि दिलाते हैं।

बड़ी खबरें

View All

श्री गंगानगर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग