
ई-रिक्शा के उड़े परखच्चे (फोटो-पत्रिका)
श्रीगंगानगर। जिले के अबोहर क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें महिला, उसके मासूम पोते और ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि महिला की बहू गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद ई-रिक्शा के चार टुकड़े हो गए। हादसे के बाद घटना स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार गांव रामसरा निवासी देवकी अपने परिवार के साथ अजीमगढ़ में आयोजित शोक सभा में शामिल होकर लौट रही थीं। उनके साथ बहू पूनम, चार वर्षीय पोता परमीश और डेढ़ वर्षीय पोती रितिका भी ई-रिक्शा में सवार थे। ई-रिक्शा चालक दीपक स्वामी उन्हें लेकर गांव की ओर आ रहा था।
इसी दौरान गांव रामसरा के पास पेट्रोल पंप के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा से जा भिड़ी। बताया जा रहा है कि सड़क पर बने गड्ढे के कारण पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में देवकी, उनके पोते परमीश और ई-रिक्शा चालक दीपक स्वामी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पूनम गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डेढ़ वर्षीय रितिका को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना बहाववाला प्रभारी दविंद्र सिंह और एसआई धर्मप्रीत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर चालक ललित कुमार निवासी कैथल (हरियाणा) को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाने में मदद की। वहीं नर सेवा नारायण सेवा समिति ने शवों को अस्पताल की मोर्चरी तक पहुंचाने में सहयोग किया।
इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मृतक ई-रिक्शा चालक दीपक स्वामी परिवार का इकलौता बेटा था और ई-रिक्शा चलाकर घर का खर्च चलाता था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी ने महज 15 दिन पहले ही एक बेटी को जन्म दिया था। परिवार में खुशियों का माहौल अभी बना ही था कि इस हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया।
Updated on:
12 May 2026 10:50 pm
Published on:
12 May 2026 10:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
