
मृतक बेटा रवि व पिता जयंतीलाल। फाइल फोटो- पत्रिका
पाली। रेवदर क्षेत्र में राजगढ़ के निकट नेशनल हाईवे पर असावा मोड़ के पास बुधवार रात हुआ दर्दनाक सड़क हादसा एक परिवार की सारी खुशियां छीन ले गया। गैस टैंकर और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में असावा क्षेत्र निवासी जयंतीलाल और उनके तीन वर्षीय बेटे रवि कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पत्नी ऐवना और सात माह का मासूम आकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन गुरुवार को इलाज के दौरान सात माह के आकाश ने भी दम तोड़ दिया।
यह वीडियो भी देखें
हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक बच्चों की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। सबसे दर्दनाक बात यह है कि अस्पताल में भर्ती ऐवना को अभी तक यह नहीं बताया गया है कि उसके पति और दोनों बेटों की मौत हो चुकी है। परिजनों का कहना है कि उसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की सलाह पर उसे यह जानकारी नहीं दी गई है।
गुरुवार को गांव में जयंतीलाल और उनके तीन वर्षीय बेटे रवि कुमार का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। गांव के लोग नम आंखों से पिता-पुत्र को अंतिम विदाई देने पहुंचे। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया। लोग परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाते नजर आए। इसी दौरान अस्पताल से सात माह के मासूम आकाश की मौत की खबर भी गांव पहुंच गई। यह खबर सुनते ही पूरे गांव में फिर से शोक की लहर दौड़ गई। लोगों की आंखें नम हो गईं और हर कोई इस दर्दनाक हादसे को लेकर दुख जताता नजर आया।
गांव के लोगों का कहना है कि जयंतीलाल का परिवार बेहद खुशहाल था। हादसे ने कुछ ही पलों में सब कुछ उजाड़ दिया। गांव के हर घर में इस घटना को लेकर गहरा दुख है। लोग यही सोचकर भावुक हो रहे हैं कि जब ऐवना को होश आएगा और उसे अपने पति व दोनों बेटों के निधन की जानकारी मिलेगी, तब उस मां पर क्या बीतेगी। परिजन और ग्रामीण लगातार अस्पताल में उसकी हालत की जानकारी ले रहे हैं। पूरे क्षेत्र में इस हादसे को लेकर शोक और दुख का माहौल बना हुआ है।
Updated on:
14 May 2026 09:55 pm
Published on:
14 May 2026 09:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
