
एआई तस्वीर
जोधपुर। आपसी लेनदेन और नौकरी से हटाए जाने से नाराज एक स्वीपर अपने 3-4 साथियों के साथ महात्मा गांधी अस्पताल के इमरजेंसी ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में घुस गया और नर्सिंगकर्मियों से मारपीट कर दी। उसकी रंजिश उसकी जगह नियुक्त किए गए एक अन्य स्वीपर से थी। दोनों के बीच पहले भी ओटी के बाहर झगड़ा हुआ था। देर रात ओटी में अचानक हुए इस घटनाक्रम से अफरा-तफरी मच गई। चिकित्सकों और नर्सिंगकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल की नर्सिंग एसोसिएशन ने भी नाराजगी जताई है।
यह वीडियो भी देखें
पुलिस के अनुसार चांदपोल निवासी मोंटू पुत्र उमरचंद ने रिपोर्ट दी कि वह एमजीएच में संविदा पर स्वीपर के पद पर कार्यरत है। 20 अप्रेल की रात वह इमरजेंसी ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन थिएटर में ड्यूटी पर था। उस समय डॉक्टरों की टीम एक मरीज की सर्जरी कर रही थी। इसी दौरान सन्नी अपने 3-4 साथियों के साथ सीधे ऑपरेशन थिएटर में घुस आया और ड्यूटी पर तैनात नर्सिंगकर्मियों से मारपीट करने लगा। आरोप है कि उसने मोंटू को जान से मारने की धमकी भी दी।
आरोपी सन्नी भी अस्पताल में ठेके पर स्वीपर के रूप में कार्यरत था। ड्यूटी से जुड़ी शिकायतों के चलते ठेकेदार ने उसे हटाकर उसकी जगह मोंटू को लगा दिया था। इसी बात को लेकर सन्नी नाराज था। दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। ओटी में घुसने से पहले भी दोनों के बीच कहासुनी और झगड़ा हुआ था।
इसके बाद आरोपियों ने ऑपरेशन थिएटर में घुसकर मोंटू से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे नर्सिंगकर्मियों को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई। सर्जरी कर रहे चिकित्सक भी इस घटना से स्तब्ध रह गए। सुरक्षाकर्मियों को बुलाया गया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
ऑपरेशन थिएटर जैसे अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह की घटना से नर्सिंगकर्मियों में भारी आक्रोश है। नर्सिंग एसोसिएशन के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश जाट सहित अन्य नर्सिंगकर्मियों ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सरदारपुरा थाना प्रभारी जयकिशन ने बताया कि स्वीपर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच एएसआई रमेश विश्नोई को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
Published on:
22 Apr 2026 06:51 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
