
Bandra Terminus-Surat Intercity Express: मुंबई और गुजरात के बीच सफर करने वाले दैनिक रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। रेलवे (Western Railway) ने यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए 12935/12936 बांद्रा टर्मिनस-सूरत इंटरसिटी एक्सप्रेस को पालघर स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव देने का फैसला किया है। यह ठहराव फिलहाल ट्रायल आधार पर शुरू किया जा रहा है। इस फैसले से पालघर जिले के यात्रियों को मुंबई और सूरत के बीच यात्रा करने में बड़ी राहत मिलेगी।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, दोनों दिशाओं में चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस अब निर्धारित समय पर पालघर स्टेशन पर भी रुकेगी।
ट्रेन संख्या 12936 सूरत-बांद्रा टर्मिनस इंटरसिटी एक्सप्रेस 14 जुलाई 2026 से पालघर स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव करेगी। ट्रेन शाम 7:01 बजे (19:01) पालघर पहुंचेगी और 7:03 बजे (19:03) रवाना होगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इस बदलाव के अलावा अन्य किसी स्टेशन के ठहराव समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
वहीं, ट्रेन संख्या 12935 बांद्रा टर्मिनस-सूरत इंटरसिटी एक्सप्रेस 15 जुलाई 2026 से पालघर स्टेशन पर रुकेगी। यह ट्रेन सुबह 7:58 बजे पालघर पहुंचेगी और 8:00 बजे प्रस्थान करेगी। पालघर में नए ठहराव के कारण आगे के स्टेशनों पर ट्रेन के पहुंचने और रवाना होने का समय बदल गया है। अब यह ट्रेन सुबह 07:58 बजे पालघर आएगी और 08:00 बजे आगे के लिए छूटेगी। इसके बाद यह सुबह 08:16 बजे बोईसर, 08:42 बजे उमरगाम रोड, 09:02 बजे वापी, 09:23 बजे वलसाड, 09:39 बजे बीलीमोरा और 09:56 बजे नवसारी पहुंचेगी, जहां से रवाना होकर सुबह 10:40 बजे यह अपने अंतिम स्टेशन सूरत पहुंचेगी।
पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन के समय, ठहराव और रेक संरचना से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर यात्रा से पहले जानकारी अवश्य जांच लें।