सूरत

GSEB : इतनी छुट्टियां होंगी तो पाठ्यक्रम कैसे पूरा होगा ?

- ज्यादातर प्राइवेट स्कूल नवरात्रि वेकेशन के खिलाफ, फैसले पर पुनर्विचार की मांग- स्वनिर्भर शाला संचालक मंडल ने सरकार को लिखा पत्र
2 min read
Aug 01, 2018
Feature image

सूरत.

शहर के ज्यादातर प्राइवेट स्कूल नवरात्रि वेकेशन के खिलाफ हैं। स्वनिर्भर शाला संचालक मंडल ने इस संदर्भ में मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को पत्र भेज कर विरोध जताया है और नवरात्रि वेकेशन के फैसले पर पुनर्विचार का आग्रह किया है।
राज्य सरकार ने हाल ही नवरात्रि पर स्कूलों में मिनी वेकेशन की घोषणा की है। सूरत के कई स्वनिर्भर स्कूल इससे चिंतित हैं। स्वनिर्भर शाला संचालक मंडल ने सरकार के इस फैसले को अनुचित बताया है। संचालक मंडल का कहना है कि राज्यभर में पहले ही प्रथम शैक्षणिक सत्र देरी से शुरू हुआ है। 11 जून से 4 नवम्बर तक स्कूलों में पढ़ाई होगी। प्रथम शैक्षणिक सत्र में पढ़ाई के लिए 116 दिन मिल रहे हैं। 5 से 25 नवम्बर तक दीपावली वेकेशन रहेगा। इसके बाद 25 नवम्बर से 5 मई तक द्वितीय शैक्षणिक सत्र चलेगा। इसमें पढ़ाई के लिए 131 दिन मिलेगे। साल के 365 दिन में से शिक्षा के लिए मात्र 247 दिन मिल रहे हैं। हाल ही तेज बारिश के कारण स्कूलों में छुट्टी कर दी गई थी। सालभर आकस्मिक कारणों से भी छुट्टियां होती हैं। ऐसे में पढ़ाई के दिन और कम हो जाएंगे। नवरात्रि पर 10 से 17 अक्टूबर तक वेकेशन स्कूलों की परेशानी का कारण बन गया है। भले दीपावली वेकेशन के दिन कम कर दिए गए हों, इससे समस्या हल नहीं हो रही है। नवरात्रि का मिनी वेकेशन 17 अक्टूबर को समाप्त होगा और 18 अक्टूबर को दशहरा की छुट्टी है। 19 अक्टूबर से स्कूल खुलते ही परीक्षा लेनी पड़ेगी। वेकेशन के बाद तुरंत परीक्षा से विद्यार्थियों के प्रदर्शन पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं हो पाएगा।
संचालक मंडल का यह भी कहना है कि नवरात्रि पर वेकेशन दिया गया है तो गणेश महोत्सव पर भी वेकेशन की मांग होगी। रमजान, क्रिसमस और अन्य त्योहारों पर भी वेकेशन की मांग होने लगेगी, जो उचित नहीं है। इस तरह से वेकेशन की घोषणा करने से राज्य के शैक्षणिक सत्र पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। राज्य के पाठ्यक्रम में इस साल बड़ा बदलाव किया गया है। सभी कक्षाओं में एनसीइआरटी का पाठ्यक्रम लागू कर दिया गया है। पहले से शैक्षणिक सत्र समय पर शुरू नहीं हुआ। इसलिए पाठ्यक्रम पूरा करना भी चुनौती बना हुआ है।

पुनर्विचार का आग्रह
सरकार ने नवरात्रि और दीपावली वेकेशन को लेकर जो फैसला किया है, वह उचित नहीं है। स्वनिर्भर स्कूल संचालकों की बैठक में सभी पहलुओं पर चर्चा की गई। सरकार को पत्र भेजकर फैसले पर पुनर्विचार का आग्रह किया गया है।
महेश पटेल, प्रमुख, स्वनिर्भर शाला संचालक मंडल

राज्य में शैक्षणिक सत्र
प्रथम शैक्षणिक सत्र : 11 जून से 4 नवम्बर। कार्य दिवस 116।
दीपावली वेकेशन : 5 नवम्बर से 25 नवम्बर। छुट्टी के दिन 21।
द्वितीय शैक्षणिक सत्र : 26 नवम्बर से 5 मई। कार्य दिवस 131।
कुल शैक्षणिक सत्र कार्य दिवस : 247
वेकेशन : 6 मई से 9 जून, 2019। छुट्टी के दिन 35।

Published on:
01 Aug 2018 07:40 pm