29 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / Surat Murder: तीन बच्चों की मां को मिलने के बहाने सुनसान जगह ले गया प्रेमी, हत्या कर यूपी भागा, पुलिस ने दबोचा

Surat Murder: तीन बच्चों की मां को मिलने के बहाने सुनसान जगह ले गया प्रेमी, हत्या कर यूपी भागा, पुलिस ने दबोचा

Surat murder case: सूरत के इच्छापुर इलाके में नहर किनारे मिली 38 वर्षीय विधवा महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रेम संबंधों में अनबन के बाद उसके 24 वर्षीय प्रेमी ने ही हत्या की थी, जिसे पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार किया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सूरत

•

image

Rakesh Mishra

•

Updated: 29 Nov 2026, 5:13 PM IST

surat Widow Woman Murder

सूरत पुलिस। फाइल फोटो- आईएएनएस

Widow Woman Murder: सूरत के इच्छापुर इलाके में नहर के पास मिली 38 वर्षीय विधवा महिला की लाश के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। महिला की हत्या उसके 24 वर्षीय प्रेमी ने ही की थी। प्रेम संबंध में अनबन के बाद आरोपी ने महिला को मिलने के बहाने बुलाया और सुनसान जगह पर ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने फरार आरोपी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

दुबई में हुई पति की मौत

पुलिस के अनुसार मृतका मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के धरमपुर की रहने वाली थी। उसके पति की करीब आठ साल पहले दुबई में एक हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपने तीन बच्चों के साथ सूरत में रहने लगी थी। वह हीरा कंपनी में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रही थी। इसी कंपनी में काम करने वाले उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के अमेदा गांव निवासी 24 वर्षीय बबलू रामलाल राजभर से महिला की पिछले सात-आठ महीनों से जान-पहचान थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। महिला आरोपी के लिए खाना भी लेकर जाती थी। हालांकि पिछले करीब तीन महीनों से किसी बात को लेकर दोनों के बीच अनबन चल रही थी और बातचीत बंद हो गई थी।

मिलने के बहाने बुलाया, फिर की हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि 22 नवंबर की शाम करीब सात बजे बबलू ने महिला को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। महिला अपने बच्चों को यह कहकर घर से निकली थी कि बबलू का फोन आया है और वह उससे मिलकर लौट आएगी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। आरोपी उसे इच्छापुर बस स्टैंड नंबर-3 के पास एसआर होटल के पीछे नहर की खुली गटरलाइन के पास सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने महिला के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद दोनों के बीच फिर विवाद हुआ तो गुस्से में बबलू ने महिला का गला घोंट दिया। हत्या के बाद वह शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया।

मौके से मिले चप्पलों से भी मिला सुराग

परिजनों ने महिला के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके दो दिन बाद 24 नवंबर की सुबह इच्छापुर बस स्टैंड नंबर-3 के पास नहर की खुली गटरलाइन के किनारे महिला का शव मिला। घटनास्थल से महिला के कपड़े और मोबाइल फोन के साथ आरोपी बबलू के सफेद चप्पल भी मिले थे। इससे पुलिस का शक उस पर गहरा गया। महिला के शरीर पर चोट के निशान थे और कान से खून निकल रहा था। इसके चलते नई सिविल अस्पताल में फोरेंसिक पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में दुष्कर्म और गला दबाने से मौत होने की पुष्टि हुई।

तकनीकी जांच से गाजीपुर पहुंची पुलिस

मृतका के परिजन की शिकायत पर इच्छापुर पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज किया। एसीपी श्वेता डेनियल के मार्गदर्शन में इच्छापुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने मानवीय सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी की तलाश की। हत्या के बाद पुलिस से बचने के लिए बबलू उत्तर प्रदेश स्थित अपने गांव भाग गया था। पुलिस टीम ने उसे गाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया और सूरत लेकर आई। इस घटना में महिला के तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।