मध्य प्रदेश की मोहसिना बानों ने UPSC की परीक्षा में 7वीं रैंक हासिल करके परिवार के साथ साथ प्रदेशभर का मान बढ़ाया है।
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ की रहने वाली मोहसिना बानों ने UPSC की परीक्षा में 7वीं रैंक हासिल करके परिवार के साथ साथ प्रदेशभर का मान बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग यानी यूपीपीएससी की तरफ से जारी किए गए आखिरी सिलेक्शन रिजल्ट में मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में रहने वाले हाजी इकराम खां की बेटी मोहसिना बानो ने 7वीं रैंक हासिल की है। पिता हाजी इकराम शहर के पुराना बस स्टैंड के पास पान और किराने की दुकान लगाते हैं। वहीं, मोहसिना की मां शाहजहां बानो आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं।
परिजन का कहना है कि, मोहसिना को बचपन से पढ़ने का बेहद शौक था। शहर से ही उसने प्राथमिक शिक्षा हासिल की थी। वहीं, 10वीं कक्षा में उसने जिलेभर में तीसरा स्थान हासिल किया था। एक्सीलेंस स्कूल से मैथ सब्जेक्ट से 12वीं में जिले में टॉप किया। 10वीं - 12वीं में सफलता हासिल करने पर दोनों बार तत्कालीन कलेक्टर ने उसे सम्मानित भी किया था। बस, कलेक्टर से मिले इसी सम्मान ने उसे सिविल सर्विसेज में जाने के लिए प्रेरित किया।
पहले नायब तहसीलदार, फिर बनी डिप्टी कलेक्टर
पिछले दिनों साल 2021 का परीक्षा परिणाम जारी किया गया था। इसमें 5वीं रैंक हासिल करने के साथ मोहसिना उत्तर प्रदेश में नायब तहसीलदार बन गई थी। 27 अप्रैल को झांसी में ज्वॉइन करने के साथ मोहसिना को प्रशिक्षण में जाना था। लेकिन इसके पहले ही उसका डिप्टी कलेक्टर के लिए चयन हो गया।
मोहसिना ने बताया सफलता का राज
वहीं, डिप्टी कलेक्टर के लिए चयनित होने पर मोहसिना बानो ने कहा, लक्ष्य निर्धारित करके सच्ची लगन और ईमानदारी से मेहनत करें तो सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने कहा कि, तैयारी के लिए खासतौर पर सिलेबस और उसके साथ साथ गत वर्षों के प्रश्नों पर फोकस रखना सबसे जरूरी है। पहली बार में अगर सफलता नहीं मिले तो निराश न हों। पूरी लगन और निष्ठा के साथ प्रयास करते रहें, इसी में सफलता है।