
Tikamgarh News : अबतक आपने उचित मूल्य की दुकानों से गरीबों को घुन लगा और खराब राशन मिलने के मामले तो कूब देखे और सुने होंगे, लेकिन अब मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले की एक उचित मूल्य की दुकान में वितरित होने वाले राशन के बोरे में जो निकला है, उसने हर किसी को सन्न करके रख दिया है। आपको जानकर हैरानी होगी, लेकिन जिले के बुड़ेरा में स्थित राशन दुकान पर कंकाल युक्त राशन मिलने का मामला सामने आया है।
नन्ही टेहरी के उचित मूल्य की दुकान पर गरीबों को राशन वितरण के लिए जैसे ही बोरी खोली गई उसमें सिर की हड्डी के साथ ही दो हड्डियां निकली। यह देखकर पहले तो हितग्राही डर गए। फिर उन्होंने ये राशन लेने से मना कर दिया। वहीं, मामला सामने आने के बाद खाद्य विभाग के अधिकारी वितरण केंद्र पहुंचे और बोरे की पड़ताल करने के बाद दुकान पर आए पूरे राशन को सील करा दिया है। अधिकारियों ने दूसरा राशन पहुंचाने की बात कही है।
सोमवार को ग्राम लक्ष्मणपुरा के लोग राशन लेने के लिए नन्ही टेहरी की उचित मूल्य की दुकान पर गए थे। लक्ष्मणपुरा की दुकान बंद होने से इन लोगों को नन्ही टेहरी की दुकान से राशन वितरण की व्यवस्था की गई थी। राशन लेने पहुंचे कोमल लोधी और परम लोधी के सामने जैसे ही गेहूं की बोरी खोली गई और उसमें हड्डियां दिखाई दी। इसमें किसी जानवर के सिर और पैर की हड्डियां थी। ये देखकर पहले तो हितग्राही डर गए। फिर पूरी बोरी को जमीन पर खाली की गई। गेहूं में जानवर की हड्डियां मिलने पर हितग्राहियों ने इसे लेने से इंकार कर दिया। इस गंभीर मामले को लेकर तत्काल ही प्रशासन अलर्ट हुआ और खाद्य विभाग की टीम को भेजा गया। इसके बाद इस राशन का वितरण बंद करा दिया गया है। यहां पर पूरा राशन वापस कर दूसरा माल भेजा जाएगा।
विदित हो कि, दो महीने पहले ही जिले में दमोह से खराब गेंहू भेजा गया था। इसे प्रशासन ने वापस कर दिया था। वहींस दो साल पहले 18000 क्विंटल सड़ा चावल जबलपुर और रीवा से यहां पहुंचाया गया था। ये चावल अब भी जिले के गोदामों में बंद है और प्रशासन बार - बार इसे वापस करने पत्राचार कर रह है। अभी उस चावल का मामला सही नहीं हो सका कि, अब इस हड्डी युक्त गेहूं ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और स्वच्छता पर गंभीर सवाल खड़े करना शुरु कर दिए हैं।
मामले की जांच में जुटे टीकमगढ़ के खाद्य निरीक्षक सार्थक तिवारी का कहना है कि, नन्ही टेहरी की राशन दुकान के पूरे माल को वापस सील करा दिया गया है। इसे वापस कर हितग्राहियों के लिए दूसरा माल भेजा जाएगा। नान से पता किया जाएगा कि, ये माल कहां से आया था। वहां माल वापस कर उसकी शिकायत की जाएगी। गेहूं में भेड़ का सिर और पैर की हड्डियां होना बताई जा रही है।