
Road Accident in Ratlam (बाल रोग विशेषज्ञ और उनके ससुर का सड़क हादसे में निधन Photo Source- Patrika)
Ratlam News : मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से गुजरने वाले रतलाम-इंदौर फोरलेन पर रविवार आधी रात को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में रतलाम के बाल चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष सिंह और उनके 80 वर्षीय ससुर शिवनारायण राजौरिया का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि, ये भीषण हादसा उस वक्त हुआ, जब पूरा परिवार नासिक से रतलाम वापस लौट रहा था।
बताया जा रहा है कि, ये भीषण सड़क हादसा देर रात करीब 3:30 बजे धराड़ के आगे और टोल नाके से पहले पड़ने वाली छोटी पुलिया पर हुआ है, जहां तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि, कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
बताया जा रहा है कि, डॉ. मनीष सिंह अपनी पत्नी स्टेफनी गुप्ता, दो बच्चों रैना और सयाना, साढ़ू अजय गुप्ता, उनकी पत्नी लवलीना गुप्ता और अपने 80 वर्षीय ससुर शिवनारायण राजौरिया के साथ महाराष्ट्र के नासिक के करीब त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग से कालसर्प दोष की पूजन करवाकर रतलाम वापस लौट रहे थे। हादसे में कार सवार परिवार के सभी सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल ही रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचा दिया गया, जहां सभी का इलाज जारी है।
मामले की जानकारी देते हुए बिलपांक थाना पुलिस ने बताया कि, हादसे का शिकार हुए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है, जहां डॉक्टरों ने 42 वर्षीय डॉ. मनीष सिंह को अस्पताल पहुंचने पर ही मृत घोषित कर दिया था और गंभीर रूप से घायल उनके ससुर शिवनारायण राजौरिया ने सोमवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भोपाल एन.एच.एम में उप संचालक से रतलाम शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ मनीष सिंह करीब एक साल पहले आए थे। यहां पिछले महीने प्रभारी सीएमएचओ के पद पर भी करीब एक माह तक कार्यभार संभाला। वाहन में कुल सात लोग सवार होना बताया जा रहा है। इसमें डा मनीष सिंह, पत्नी, दो बच्चे, साली उनके पति और ससुर शामिल थे। वाहन साली के पति चला रहे थे। मूल रूप से वो ग्वालियर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे के चलते पूरे अस्पताल में शोक की लहर है।
Updated on:
13 Jul 2026 11:31 am
Published on:
13 Jul 2026 10:48 am
