टोंक

Tonk Accident: कौथून-लालसोट हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत, हरियाणा निवासी चालक की मौत

टोंक जिले के कौथून-लालसोट राष्ट्रीय राजमार्ग-11ए पर बुधवार तड़के दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत में हरियाणा निवासी चालक की मौत हो गई। वह दिल्ली से परचून का सामान लेकर अहमदाबाद जा रहा था। हादसे में दूसरे ट्रक का चालक भी घायल हुआ है।
2 min read
• •
Oct 21, 2026
tonk accident
Tonk: चालक के शव को एम्बुलेंस से मोर्चरी में रखवाते हुए। (फोटो-पत्रिका)

टोंक। जिले के निवाई क्षेत्र में कौथून-लालसोट राष्ट्रीय राजमार्ग-11ए पर बुधवार तड़के दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में हरियाणा निवासी एक ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रक का चालक घायल हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकलवाया और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दत्तवास थाना पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मुश्ताक (39) पुत्र हाजी मकसूल्ला निवासी साखम, जिला नूंह (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस को ट्रक में मिले आधार कार्ड और मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान का पता चला। मुश्ताक ट्रक में परचून का सामान भरकर दिल्ली से अहमदाबाद जा रहा था। इसी दौरान कौथून-लालसोट हाईवे पर सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में मुश्ताक गंभीर रूप से घायल होकर ट्रक में फंस गया, जबकि दूसरे ट्रक का चालक भी घायल हो गया।

टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना मिलने पर दत्तवास थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। क्षतिग्रस्त ट्रक में चालक बुरी तरह फंस गया था। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से चालक को बाहर निकलवाया और एम्बुलेंस की सहायता से उप जिला अस्पताल निवाई पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मुश्ताक को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाकर किनारे करवाया। इसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे

हादसे के बाद पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और उसे परिजनों को सौंप दिया गया। दूसरे ट्रक का चालक कितना घायल हुआ है, उसके बारे में अधिक जानाकारी सामने नहीं आ पाई है। हालांकि, पुलिस दोनों ट्रकों की भिड़ंत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
21 Oct 2026 05:21 pm
Published on:
21 Oct 2026 05:21 pm