टोंक

फिल्मी अंदाज में खुला अपहरण का राज, राजस्थान के कई जिलों में अलर्ट के बाद दबोचे आरोपी; कछुआ गैंग कनेक्शन आया सामने

Niwai Kidnapping Case: अपहरण प्रकरण कुछ ही घंटों में फिल्मी अंदाज में सुलझ गया। अपहरण की सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने कई जिलों में नाकाबंदी कर आरोपितों का पीछा किया।
2 min read
Apr 10, 2026
Niwai Kidnapping Case
अपहरण प्रकरण में गिरफ्तार चारों आरोपी। फोटो: पत्रिका

टोंक/निवाई। सराय बोरखण्डी खुर्द स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज के पास हुआ अपहरण प्रकरण कुछ ही घंटों में फिल्मी अंदाज में सुलझ गया। अपहरण की सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने कई जिलों में नाकाबंदी कर आरोपितों का पीछा किया और अंततः रूपनगढ़ अजमेर क्षेत्र में घेराबंदी कर चार जनों को डिटेन कर लिया। इस दौरान अपहृत व्यक्तियों को सकुशल बरामद भी किया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंगलवार की शाम करीब 8 बजे अज्ञात 4-5 बदमाश केम्पर में सवार होकर आए और प्रार्थी के भाई सहित अन्य साथियों को उनकी कार सहित जबरन उठाकर ले गए।

पुलिस अधीक्षक टोंक राजेश कुमार के निर्देशों पर पीपलू पुलिस उपाधीक्षक रामअवतार के निर्देशन में बरोनी थानाधिकारी व प्रशिक्षु आरपीएस कुसुम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। डीएसटी टीम टोंक को भी साथ लेकर व्यापक स्तर पर तलाश शुरू की गई। बरोनी थानाधिकारी कुसुम ने बताया कि घटना के बाद टीम ने कंट्रोल रूम के जरिए टोंक, बूंदी, सवाई माधोपुर सहित अजमेर रेंज में तुरंत नाकाबंदी करवाई गई। पुलिस टीमों ने मांगलियावास, ब्यावर सहित कई स्थानों पर दबिश दी।

रूपनगढ़ क्षेत्र में संदिग्धों को दबोचा

लगातार पीछा करते हुए पुलिस ने रूपनगढ़ क्षेत्र में संदिग्धों को घेर कर डिटेन कर लिया। कार्रवाई के दौरान केम्पर, स्कॉर्पियो और परिवादी की कार को बरामद किया गया। अपहृत व्यक्तियों को सुरक्षित छुड़ाकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने चार आरोपितों को डिटेन कर उनके वाहन जब्त कर लिए हैं। अन्य फरार आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और डिटेन आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है।

ताराचंद बावरिया गैंग का सरगना

उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया है कि अपहृत व्यक्ति कुख्यात कछुआ व उल्लू गैंग से जुड़े हैं। यह गैंग टीवी में मर्करी चिप के नाम पर लोगों को झांसा देकर करीब 25 लाख रुपए तक की धोखाधड़ी कर चुके है। उन्होंने बताया कि अपहृत राहुल योगी मनोहरपुर, जयपुर, ताराचंद बावरिया भानगढ़, टोडाभीम, कमल मीणा बिलोत, जयपुर और रोहिताश बावरिया भानगढ़, जयपुर को सुरक्षित छुडा लिया। उन्होंने बताया कि ताराचंद बावरिया गैंग का सरगना बताया गया है, जिसके खिलाफ अजमेर, सीकर और जयपुर जिलों के विभिन्न थानों में 10-12 से अधिक मामले दर्ज हैं और वह कई प्रकरणों में वांछित रहा है।

चार आरोपी गिरफ्तार

थानाधिकारी ने बताया कि अपहरण के मामले भगवान सिंह (30) पुत्र छोटूसिंह निवासी लहरी खरवा थाना ब्यावर, मानसिंह (30) पुत्र नारायण सिंह, निवासी लहरी खरवा, विक्रम सिंह(27) पुत्र सूरजपाल सिंह निवासी सोवडिया थाना साकेतनगर ब्यावर और तेजमल गुर्जर पुत्र कैलाश गुर्जर निवासी सतावडिया थाना मसूदा ब्यावर को गिरफ्तार किया है।

Updated on:
10 Apr 2026 01:37 pm
Published on:
10 Apr 2026 01:37 pm