
पेट्रोल पंप के नजदीक घटना, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
उदयपुर. पटेल सर्कल स्थित पेट्रोल पंप के पास खड़े एक ऑटो में मंगलवार देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास खड़े अन्य वाहनों को भी चपेट में ले लिया, लेकिन समय पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप के बाहर खड़े एक ऑटो में अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें तेजी से फैलते हुए पास में खड़े दो अन्य ऑटो और एक कार तक पहुंच गईं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि रात करीब साढ़े तीन बजे आग लगने की सूचना मिली। इस पर पारस तिराहा और अशोक नगर फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में तीन ऑटो और एक कार आग की चपेट में आ गए। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना स्थल पेट्रोल पंप के बेहद करीब होने से खतरा और बढ़ गया था। यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आग पंप के नोजल और भूमिगत टैंक तक पहुंच सकती थी। यहां ऑटो खड़े करने को लेकर ऑटाे चालकों में विवाद होता रहता है। ऐसे में प्रथम दृष्टया मामला ऑटो चालकों के आपसी विवाद से जुड़ा माना जा रहा था। थानाधिकारी रतन सिंह ने बताया कि घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसमें आग शॉर्ट सर्किट से लगना प्रतीत हो रहा है।