www.patrika.com/rajasthan-news
उदयपुर. नाई थाना क्षेत्र के बडंग़ा गांव में पांच दिन पहले खेत में काम कर रही महिला की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को अब तक कोई सुराग नहीं मिले। गौरतलब है कि वारदात के दौरान महिला का पैर और गला काट कर आरोपी चांदी का कड़ा लूट ले गए थे। हत्या के बाद पुलिस ने महिला के पति से भी पूछताछ की लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस उप अधीक्षक देवाराम, थानाधिकारी भगवतीलाल के नेतृत्व में तीन टीमें 5 दिन से बडंग़ा और आसपास के तीन गांवों में आरोपियों को तलाशने में जुटी है लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई है। एफएसएल और डॉग स्क्वॉयड से भी इस हत्या की गुत्थी सुलझाने में मदद नहीं मिल रही है।गौरतलब है कि 19 अक्टूबर की शाम बड़ंगा निवासी राजूड़ी अपने पति देवा गमेती के साथ पहाडिय़ों के बीच स्थित खेत पर काम कर रही थी। पति खेत से घर पर घास रखने गया था। लौटा तो राजूड़ी की खून से लथपथ लाश देख उसके होश उड़ गए। आरोपियों ने राजूडी का एक पैर काट रखा था और उसमें से चांदी का कड़ा गायब था, वहीं गला रेंती हुआ था। पास में ही सोने का मादलिया पड़ा था। महिला के दूसरे पैर में तो चांदी का कड़ा था। ऐसे में सवाल खड़े हुए कि आखिर हत्यारों ने लूट की नीयत से हत्या की तो एक कड़ा और मादलिया क्यों छोडकऱ चले गए? मृतका के पीहर पक्ष ने पहले पति पर शक जताया था लेकिन पुलिस पूछताछ में अभी तक पति से कोई अहम सुराग नहीं मिल पाया है।
इनका कहना है
हत्याकाण्ड की गुत्थी सुलझाने के लिए गांव में ही कैम्प कर रखा है। हर एंगल पर तफ्तीश की जा रही है। फिलहाल अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है।
भगवतीलाल, थानाधिकारी, नाई