उदयपुर

उदयपुर : ऑपरेशन के बाद एक साल की बच्ची की मौत, परिजनों का हंगामा

उदयपुर के बाल चिकित्सालय में सिर की गांठ के ऑपरेशन के बाद एक वर्षीय बच्ची आराध्या की मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया और पुलिस में शिकायत दी, जबकि चिकित्सकों ने लापरवाही से इनकार किया है।
2 min read
Aug 17, 2026
death of kid
ऑपरेशन के बाद एक साल की बच्ची की मौत, परिजनों का हंगामा

उदयपुर.आरएनटी मेडिकल कॉलेज से जुड़े बाल चिकित्सालय में एक साल की बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने आइसीयू में तैनात नर्सिंग स्टाफ और चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर हाथीपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश कर मामला शांत कराया। परिजनों ने थाने में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आलू फैक्ट्री क्षेत्र निवासी दिनेश सालवी ने अपनी एक वर्षीय बेटी आराध्या को 11 अगस्त को बाल चिकित्सालय में भर्ती कराया था। परिजनों के अनुसार बच्ची के सिर में गांठ थी। भर्ती करने के अगले दिन उसका ऑपरेशन किया गया और इसके बाद उसे आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया था।

सुबह ठीक, बाद में बिगड़ी हालत

बच्ची के पिता दिनेश सालवी का आरोप है कि शनिवार सुबह आराध्या की स्थिति सामान्य नजर आ रही थी। वह हंस-बोल रही थी, लेकिन बाद में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने आईसीयू में मौजूद स्टाफ को कई बार इसकी जानकारी दी, लेकिन उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। आरोप है कि परिजनों को बच्ची के पास आइसीयू में जाने से भी रोका गया। इसके बाद बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने मामले की जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस पहुंची, समझाइश से शांत हुआ मामला

हंगामे की सूचना पर हाथीपोल थानाधिकारी राजू देवी पुलिस जाब्ते के साथ बाल चिकित्सालय पहुंचीं। पुलिस ने परिजनों से समझाइश कर मामला शांत कराया। इसके बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दी। पुलिस शिकायत के आधार पर घटनाक्रम और इलाज से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

इलाज में लापरवाही से इनकार

चिकित्सकों ने इलाज में लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की स्थिति को देखते हुए उसका उपचार किया जा रहा था और उसे बचाने के लिए चिकित्सकीय स्तर पर पूरे प्रयास किए गए। इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई। मामले को लेकर अस्पताल स्तर पर भी घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।

बच्ची का न्यूरोलॉजी विभाग में ऑपरेशन हुआ । ऑपरेशन के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए उसे बाल चिकित्सालय के आईसीयू में लाया गया था, जहां चिकित्सकों की ओर से उसे बचाने के पूरे प्रयास किए गए। बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने इलाज को लेकर आपत्ति जताई है। इस संबंध में पुलिस में मामला दर्ज हुआ है और जांच चल रही है।

डॉ. आर.एल. सुमन, अधीक्षक, एमबी हॉस्पिटल

Updated on:
17 Aug 2026 05:48 pm
Published on:
17 Aug 2026 05:48 pm