15 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan: संदूक में पति-पत्नी के शव मिलने के मामले में पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग, 4 संदिग्ध डिटेन

Udaipur Couple Murder Case: गोगुंदा क्षेत्र के पुनावली गांव में पति-पत्नी की हत्या के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाद शनिवार सुबह से ही परिजन और ग्रामीण धरने पर बैठे हुए है।
3 min read
Google source verification
udaipur murder case

मौके पर मौजूद ग्रामीणों की भीड़ व इनसेट में मृतक पति-पत्नी। फोटो: पत्रिका

उदयपुर। गोगुंदा क्षेत्र के पुनावली गांव में पति-पत्नी की हत्या के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाद शनिवार सुबह से ही परिजन और ग्रामीण धरने पर बैठे हुए है। परिजन और ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। मौके पर मौजूद पुलिस परिजन और ग्रामीणों से समझाइश के प्रयास कर रही है। वहीं, इस मामले में अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे है। पुलिस ने चार​ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। डिटने किए गए चार​ संदिग्धों से पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले की खुलासा किया जाएगा।

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि डॉग स्क्वॉयड टीम से घटनास्थल की जांच कराई तथा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है। पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह का खुलासा हो सकेगा।

बता दें कि सायरा थाना क्षेत्र के पुनावली गांव में शुक्रवार सुबह तीन दिन से लापता बुजुर्ग दंपती के शव उनके ही घर में रखे बक्से में पॉलिथीन से बंधे मिले थे। मृतकों की पहचान पुनावली निवासी लहरी लाल पालीवाल (65) और उनकी पत्नी राधा देवी (62) के रुप में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ साक्ष्य जुटाए।

ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त

आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी ने ग्रामीणों और परिजनों को आश्वस्त किया कि हत्या के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बाद मेडिकल टीम ने शव पोस्टमार्टम के लिए उदयपुर पहुंचाया। लेकिन, सुबह से ही अस्पताल की मोर्चरी के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की मांग है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो। पुलिस ने ग्रामीणों से समझाइश की, लेकिन वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए है।

पिछली वारदातों का भी अब तक खुलासा नहीं

उप सरपंच योगेश पालीवाल ने बताया कि गांव में इस तरह की वारदात पहली बार नहीं हुई है। पिछले वर्ष 4 जुलाई की रात गांव के मांगीलाल पुरोहित के घर में डकैती हुई थी। अज्ञात बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर हथियारों के बल पर घर से नकदी और जेवरात लूट लिए थे। ग्रामीणों के अनुसार इस वारदात का आज तक खुलासा नहीं हुआ है। पालीवाल ने कहा कि पिछले मामले का खुलासा नहीं होने के बीच एक बार फिर गांव में बुजुर्ग दंपती की हत्या की गंभीर वारदात सामने आई है। इससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और पूर्व की डकैती की वारदात का भी खुलासा करने की मांग की।

तीन दिन से लापता पति-पत्नी का संदूक में मिला शव

लहरी लाल दूध बेचने का काम करते थे। बुधवार सुबह दूध देने नहीं पहुंचने पर पड़ोसी उनके घर गया। दरवाजा खुला मिला, लेकिन दंपती घर में नहीं थे। इसके बाद पड़ोसी ने राजकोट में नौकरी कर रहे उनके बेटे मनोहर को इसकी सूचना दी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की तथा सायरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मनोहर के अनुसार मंगलवार रात उसकी मां से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद बुधवार सुबह माता-पिता के लापता होने की जानकारी मिली। एक दिन पहले ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर बुजुर्ग दंपती को जल्द तलाशने की मांग भी की थी। अगले ही दिन शुक्रवार को घर के अंदर ही संदूक में पति-पत्नी के शव मिले थे।