
मृतक पति-पत्नी। फोटो: पत्रिका
उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले में तीन दिन से लापता दंपती के शव शुक्रवार को उनके घर के पीछे रखे बड़े संदूक में मिलने से सनसनी फैल गई। यह मामला गोगुंदा क्षेत्र के सायर थाना इलाके के पुनावली गांव का है। दोनों शवों को प्लास्टिक की थैलियों में पैक करके संदूक में बंद करके रखा था। संदूक के ऊपर बिस्तर रखे हुए थे, ऐसे में किसी को पता नहीं चल पाया। लेकिन, बदबू आने पर पड़ोसियों को शक हुआ, जिसके बाद सुबह पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सायरा थानाधिकारी शैतान सिंह नाथावत पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को संदूक से बाहर निकाला। शव पुराने होने के कारण दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मौके का मंजर देखकर हर कोई हैरान रह गया। बता दें कि पति-पत्नी बुधवार से लापता थे। मृतकों की पहचान लहरी लाल पालीवाल (65) और उनकी पत्नी राधा देवी (62) के रूप में हुई है। फिलहाल, पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ में जुटी हुई है।
सायर थाना क्षेत्र के पुनावली गांव निवासी लहरी लाल पालीवाल दूध बेचने का काम करते थे। लेकिन, बुधवार सुबह जब वे दूध देने नहीं पहुंचे तो एक पड़ोसी उनके घर पहुंचा। घर का दरवाजा खुला था, लेकिन अंदर कोई नहीं मिला। लहरी लाल पालीवाल (65) और उनकी पत्नी राधा देवी (62) दोनों लापता थे। इसके बाद पड़ोसी ने उनके बेटे को फोन कर घटना की जानकारी दी। मनोहर राजकोट में निजी नौकरी करता है और सूचना मिलने के बाद उसने रिश्तेदारों से घर तथा आसपास के क्षेत्रों में तलाश करने को कहा। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में बुजुर्ग दंपती की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद सायर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे थे और जल्द पति-पत्नी का सुराग लगाने की मांग की थी।
बेटे मनोहर ने बताया कि मंगलवार रात उसकी मम्मी से फोन पर बात हुई थी। बातचीत के बाद वे सो गए थे। बुधवार सुबह माता-पिता के लापता होने की सूचना मिली। परिजनों ने बुजुर्ग दंपती के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन से जल्द तलाश करने की मांग की थी। पुलिस की ओर से मोबाइल लोकेशन और संभावित स्थानों पर तलाश की गई। इसी बीच शुक्रवार सुबह घर के अंदर ही दंपती के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Updated on:
14 Aug 2026 02:30 pm
Published on:
14 Aug 2026 02:14 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
