
युवक के सीने से लिपटे हुए बाइक की टंकी पर बैठी युवती। फोटो: पत्रिका
अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले में युवक-युवती के बाइक पर स्टंटबाजी करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में नौसर घाटी में भीड़ वाले मार्ग पर युवक युवती को बाइक के पेट्रोल टैंक पर बैठाकर तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाता नजर आ रहा है। यह मामला 6 अगस्त रात 10 बजे के आसपास का बताया जा रहा है। हालांकि, बाइक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब पुलिस ने एक्शन लिया है।
वीडियो वायरल होने के बाद हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर उसे डिटेन किया तथा बाइक जब्त कर ली। चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि दोनों अजमेर घूमने आए थे और पुष्कर घाटी होते हुए पीसांगन जा रहे थे। इसी दौरान पीछे चल रहे कार चालक ने दोनों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
पुलिस पड़ताल में आया कि प्रदीप ने सोशल मीडिया पर रील व स्टंट के नाम पर सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करते हुए जान जोखिम में डाल दी। प्रकरण में पुलिस ने पीसांगन निवासी प्रदीप कुमार सिवासिया (35) को डिटेन किया। साथ ही उसके कब्जे से बाइक भी जब्त कर ली। पुलिस अधिकारियों ने अब ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को लेटर भेजा है। माना जा रहा है कि युवक पर परिवहन विभाग की ओर से भी एक्शन लिया जा सकता है।
पुलिस के अनुसार युवक सोशल मीडिया पर रील और स्टंट के नाम पर सड़क सुरक्षा नियमों का खिलवाड़ कर रहा था, साथ ही जान जोखिम में डाल रहा था। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि ऐसी घटनाओं को बढ़ावा न दें और ऐसी हरकत करने वालों की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
बता दें कि राजस्थान के अजमेर जिले में पहले भी ऐसा ही मामला सामने आ चुका है। पिछले साल सितंबर महीने में अजमेर—जयपुर नेशनल हाईवे पर ऐसा ही मामला सामने आया था। वायरल वीडियो में एक कपल चलती बाइक पर रोमांस करते दिखा था। बाइक पर आगे बैठी युवक बाइक चालक युवक के गले से लिपटी हुई थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई थी और बाइक सवार को डिटेन किया था। हालांकि, बाद में हिदायत देकर छोड़ दिया था।
Updated on:
10 Aug 2026 11:31 am
Published on:
10 Aug 2026 11:31 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
