उदयपुर

Rajasthan News : दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता का राजस्थान दौरा रहा ‘ख़ास’, इस अंदाज़ ने जीता सभी का दिल

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को राजस्थान के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान वे पूरी तरह से राजस्थानी संस्कृति के रंग में रमी नजर आईं।
2 min read
Feb 15, 2026
delhi cm rekha gupta

राजस्थान की वीर भूमि ने महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर एक विशिष्ट अतिथि की मेजबानी की। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को मेवाड़ के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान वे पूरी तरह से राजस्थानी संस्कृति के रंग में रमी नजर आईं। राजपूती पोशाक पहने मुख्यमंत्री ने जब श्रीनाथजी के दर्शन किए, तो वहां मौजूद श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक उनके इस अंदाज के मुरीद हो गए।

श्रीनाथजी के दर पर लगाई धोक

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार सुबह राजसमंद जिले के नाथद्वारा पहुंचीं। यहाँ उन्होंने पुष्टिमार्गीय प्रधान पीठ प्रभु श्रीनाथजी के शृंगार झांकी के दर्शन किए। मंदिर परंपरा के अनुसार उनका भव्य स्वागत किया गया।

दर्शन के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "आज महाशिवरात्रि पर श्रीनाथजी के चरणों में आकर मुझे असीम आनंद की अनुभूति हो रही है। राजस्थान की यह मिट्टी साहस, बलिदान और गौरवशाली परंपराओं की गवाह है।"

उन्होंने दिल्ली में रहने वाले राजस्थानी परिवारों का जिक्र करते हुए विश्वास दिलाया कि वे उनके सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ी रहेंगी।

अमरख महादेव में शिव साधना

नाथद्वारा से पहले मुख्यमंत्री ने उदयपुर के अम्बेरी स्थित प्राचीन श्री अमरख महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। महाशिवरात्रि के दिन महादेव के अभिषेक के दौरान मुख्यमंत्री खूबसूरत राजपूती ड्रेस में नजर आईं। उनके इस लुक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसे राजस्थान के प्रति उनके सम्मान और जुड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।

दिग्गज नेताओं का साथ

मुख्यमंत्री के इस प्रवास के दौरान राजस्थान और दिल्ली भाजपा के कई दिग्गज उनके साथ रहे। दिल्ली से उनके साथ शिक्षा मंत्री आशिष सूद, कैबिनेट मंत्री रविंद्र इंद्राज, और विधायक अनिल शर्मा भी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने मुख्यमंत्री की अगवानी की।

दौरे की शुरुआत, शाही शादी में शिरकत

बता दें कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार शाम को ही उदयपुर पहुंच गई थीं। उन्होंने दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की बेटी मनलीन के विवाह समारोह में भाग लिया। उदयपुर के एक निजी पैलेस में आयोजित इस भव्य शादी में उन्होंने नवदंपति को आशीर्वाद दिया। इस दौरान दिल्ली कैबिनेट के कई अन्य मंत्री भी उदयपुर की मेहमाननवाजी का लुत्फ उठाते दिखे।

राजस्थान के प्रति विशेष लगाव

राजनीतिक गलियारों में रेखा गुप्ता के इस दौरे को उनकी 'धार्मिक आस्था' के साथ-साथ 'सांस्कृतिक कूटनीति' के रूप में भी देखा जा रहा है। राजस्थान प्रवास के दौरान उन्होंने बार-बार यहाँ की जनता के प्यार और आशीर्वाद का आभार व्यक्त किया, जो उनके और राजस्थान के बीच के गहरे रिश्तों को दर्शाता है।

Updated on:
15 Feb 2026 01:22 pm
Published on:
15 Feb 2026 12:18 pm