उदयपुर

Udaipur: दो बाइकों में जोरदार टक्कर, हवा में उछलकर सड़क गिरे, तीन युवकों की मौत, गांव में मचा कोहराम

Udaipur Road Accident : नेशनल हाईवे 58-ई पर बिछीवाड़ा गांव के निकट रविवार देर रात दो बाइक की आमने-सामने टक्कर से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया।
2 min read
Apr 13, 2026
Feature image
फोटो पत्रिका नेटवर्क

झाड़ोल (उदयपुर)। नेशनल हाईवे 58-ई पर बिछीवाड़ा गांव के निकट रविवार देर रात दो बाइक की आमने-सामने टक्कर से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि आवाज दूर तक सुनाई दी। दोनों बाइक आपस में टकराकर क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार चारों युवक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क लहूलुहान हो गई।

उपली बस्ती गांव में पसरा सन्नाटा, एक ही गांव के थे चारों युवक

दुर्घटना में तीन युवकों की मौत के बाद फलासिया के उपली बस्ती गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान अनिल कटारा (20) पुत्र शांतिलाल, अक्षय अंगारी (18) पुत्र रमेश एवं यशवंत हिमात (21) पुत्र नानालाल के रूप में हुई है। वहीं मोहित अंगारी गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है। जैसे ही मृतकों के नाम सामने आए, गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलते ही फलासिया थाने के एएसआई चंदूलाल मय जाप्ता तुरंत मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में पड़े युवकों को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शवों को झाड़ोल उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया।

एनएच 58-ई पर सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

इसहादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर बढ़ती रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रात्रि के समय हाईवे पर गश्त और रोड लाइटिंग की व्यवस्था में सुधार को लेकर भी ग्रामीणों में चर्चा है।

बेकाबू ट्रेलर ने बाइक सवार तीन को कुचला

बता दें कि सुखेर थाना क्षेत्र में रविवार शाम को उदयपुर-नाथद्वारा नेशनल हाईवे पर पावरहाउस के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार तीन जनों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक और पलट गया। हादसे के बाद यातायात बाधित हो गया।पुलिस ने बताया कि हादसे में मरने वालों की पहचान रवा की नाल बारापाल निवासी प्रेमचंद (40) पुत्र सवजी मीणा, रियान मीणा (9), मुकेश (32) पुत्र कडुवा मीणा के रूप में हुई है। ट्रेलर राजसमंद से उदयपुर की तरफ आ रहा था, इसमें सोप स्टोन पाउडर भरा हुआ था, जो सड़क पर फैल गया। मृतक भी इसके पाउडर में ही दबकर रह गए।

Updated on:
13 Apr 2026 06:52 pm
Published on:
13 Apr 2026 06:52 pm