
कुंभलगढ़. राजकीय महाविद्यालय कुंभलगढ़ में सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए एनएसएस ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. त्रिभुवन सिंह झाला ने की। उन्होंने कहा कि एनएसएस समाज के प्रति जिम्मेदारियों को समझने और निभाने का सशक्त माध्यम है। एनएसएस नोडल अधिकारी चंद्र स्वरूप परिहार ने एनएसएस की कार्यप्रणाली, गतिविधियों, विशेष शिविरों, सामाजिक जागरूकता अभियानों व सामुदायिक सेवा के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों को समाज को समझने और उसके विकास में प्रत्यक्ष योगदान का अवसर देता है। राज्य महिला नीति के तहत आयोजित सत्र में डॉ. इंदु तिवारी ने महिला सशक्तीकरण, लैंगिक समानता, महिला अधिकारों, शिक्षा और महिलाओं की गरिमापूर्ण भागीदारी पर जानकारी दी। आयोजन में संतोष कुमार कुमावत, दुर्गेश कुमार, मनीष कुमार, बंसीलाल व शंभूलाल सहित अन्य कार्मिकों और विद्यार्थियों का सहयोग रहा। विद्यार्थियों ने सामाजिक सेवा व जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम ने “स्वयं से पहले आप” की भावना मजबूत की।