उदयपुर

Udaipur Gang Rape: बर्थ-डे पार्टी में गई IT कंपनी मैनेजर से चलती कार में गैंगरेप, CEO और एग्जीक्यूटिव हेड के पति की करतूत कैमरे में कैद

Rajasthan Gang Rape Case: राजस्थान के उदयपुर शहर में एक प्राइवेट आईटी कंपनी की मैनेजर के साथ चलती कार में गैंगरेप का शर्मनाक मामला सामने आया है।
2 min read
Dec 24, 2025
Udaipur gang rape
(पत्रिका सांकेतिक फोटो)

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर शहर में एक प्राइवेट आईटी कंपनी की मैनेजर के साथ चलती कार में गैंगरेप का शर्मनाक मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपनी ही कंपनी के CEO, महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसके पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यह पूरा मामला 20 दिसंबर की रात का बताया जा रहा है। लेकिन, इस मामले में पीड़िता ने 23 दिसंबर को मुकदमा दर्ज कराया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

सुखेर पुलिस थाने में दर्ज रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया कि 20 दिसंबर को कंपनी के CEO की बर्थडे और न्यू ईयर पार्टी थी। वह रात करीब 9 बजे उस होटल में पहुंची, जहां पर पार्टी चल रही थी। जहां रात करीब डेढ़ बजे तक सभी लोग डांस और ड्रिंक पार्टी कर रहे थे। वहां कंपनी के CEO, महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसका पति था। पार्टी में युवती की हालत खराब होने पर अन्य लोग उसे घर छोड़ना चाहते थे। लेकिन, महिला एग्जीक्यूटिव हेड ने कहा कि वह उसे घर छोड़ देगी।

चलती कार में किया गैंगरेप

इसके बाद रात करीब 1.45 बजे महिला एग्जीक्यूटिव हेड उसे उसी की कार से घर छोड़ने के लिए निकली। उसी कार में महिला एग्जीक्यूटिव हेड का पति और कंपनी का CEO भी बैठा था। रास्ते में इन लोगों ने एक दुकान से नशीला पदार्थ खरीदा। इसके बाद उसे पिलाया और वह बेहोश हो गई। फिर चलती कार में रेप की वारदात को अंजाम दिया। कुछ देर बाद उसे थोड़ा होश आया तो देखा कि CEO उसके साथ जबरदस्ती कर रहा था।

सुबह पूरी तरह होश में आई तो उड़े होश

पीड़िता ने बताया कि बार-बार कहने के बाद तीनों ने सुबह करीब 5 बजे मुझे घर छोड़ा। सुबह पूरी तरह होश में आने पर देखा कि उसके कान की बाली, मोजे और पैंटी गायब थी। उसके प्राइवेट पार्ट पर गंभीर घाव थे। पीठ पर हाथ जैसे निशान थे। उसके शरीर में असहनीय दर्द महसूूस हो रहा था।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

महिला ने बताया कि कार के डैशकैम का ऑडियो और वीडियो चेक किया। जिसमें कंपनी के CEO, महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसके पति की पूरी करतूत रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस डैशकैम फुटेज खंगालने के साथ ही हर एंगल से जांच में जुटी हुई है। इस पूरे मामले की जांच एएसपी माधुरी वर्मा को सौंपी गई है।

Updated on:
24 Dec 2025 02:56 pm
Published on:
24 Dec 2025 02:50 pm