
उदयपुर. दूसरे गैंग पर हमला करने की साजिश के इनपुट पर सुखेर थाना पुलिस और डीएसटी ने दो बदमाशों को दबोचा है। दोनों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल और चार मैगजीन जब्त की हैं। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने दूसरे गैंग के सदस्यों को ठिकाने लगाने के लिए हथियार लाना बताया है।
थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि हार्डकोर अपराधी शान्तिनगर सेक्टर 5 हाल डी ब्लॉक सेक्टर 14 निवासी फरदीन खान उर्फ गांजा और हिस्ट्रीशीटर किशनपोल खांजीपीर निवासी फैजल आलम को गिरफ्तार किया है। सूचना मिली थी कि फरदीन उर्फ गांजा अपने साथी के साथ अम्बेरी क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर घूम रहा है।
सुखेर थाना पुलिस और डीएसटी ने काली पहाड़ी अम्बेरी पर मिले दो युवकों को पकड़कर तलाशी ली तो एक-एक पिस्टल और मैगजीन मिली। पुलिस ने हथियार जब्त कर दोनों को गिरफ्तार किया। पड़ताल के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन में हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़ी चैट और कॉल डिटेल मिली है। पुलिस अब हथियारों से जुड़े नेटवर्क और सहयोगियों के संबंध में जांच कर रही है।
फरदीन सवीना थाने का हार्डकोर अपराधी है। उसके खिलाफ उदयपुर के विभिन्न थानों में 22 और अन्य जिलों में तीन केस दर्ज हैं। इनमें मारपीट, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के केस शामिल हैं। वहीं, फैजल आलम सूरजपोल थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ 8 केस मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े दर्ज हैं।
कार्रवाई एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में की गई। एएसपी सिटी उमेश ओझा, प्रशिक्षु आइपीएस सिद्धार्थ श्रीवास्तव और नगर पश्चिम वृत्ताधिकारी राजेश यादव के सुपरविजन में सुखेर थानाधिकारी भरत योगी तथा जिला स्पेशल टीम प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक योगेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने दबिश दी।