मुआवजे के बाद मृतक का हुआ दाह संस्कार
उदयपुर/ पारसोला (पस). पारसोला में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने लोगों का दिल दहला दिया, जब घर के बाहर आंगन में खेलते हुए बच्चों को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने चपेट में ले लिया। हादसे में ५ साल के बच्चे की मौके पर मौत हो गई, जबकि बच्ची गंभीर घायल हुई।
हादसा हनुमान मंदिर की गली स्थित कन्हैयालाल वेद के मकान में घटा, जहां वेद की विधवा बेटी सीना उसके बच्चों को घर के आंगन में खांट पर बिठाकर घर के काम निपटा रही थी। तभी आगर मार्ग से तेज गति से आते अनियंत्रित ट्रैक्टर का मोड़ पर एकाएक स्टेयरिंग जाम हो गया। ट्रैक्टर ने वेद के मकान का कोना तोड़ते हुए खांट में बैठे रोहित (5) व लवली पुत्री शंकरलाल वेद को चपेट में ले लिया। हादसे में रोहित की मौके पर मौत हो गई, जबकि लवली का हाथ फ्रेक्चर हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने टै्रक्टर चालक को दबोच लिया और हादसे की सूचना पुलिस को दी। पहुंची पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंपा गया, जबकि बच्ची का उपचार शुरू हुआ। इधर, परिजन मुआवजे की मांग पर अड़ गए। आपसी सहमति के बाद शव को पेतृक गांव गड़ा एकलिंगजी डूंगरपुर ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार की रस्म हुई।
दो माह में दूसरी घटना
परिजनों की मानें दो पूर्व ही रोहित के पिता शंकरलाल का भी स्वर्गवास हुआ था। पति की मौत के बाद पत्नी सीना यहां उसके पिता के घर रह रही थी। इस दुर्घटना ने परिवार को कमजोर बना दिया। क्षेत्रीय लोगों में दुर्घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है। साथ तेज गति से गुजरने वाले वाहनों को लेकर नाराजगी जताकर पुलिस को ऐसे मामले में सख्ती से कार्रवाई करने की मांग उठाई गई।
सरपंच व साथियों के खिलाफ बलात्कार दर्ज
पारसोला थाना पुलिस ने हजारी गुड़ा सरपंच एवं उसके पांच साथियों के खिलाफ युवती को बंधक बनाकर मारपीट करने एवं बलात्कार का मामला दर्ज किया है। पीडि़ता की ओर से दायर परिवाद पर मिले अदालती आदेश की पालना में पुलिस ने सरपंच संजय मीणा, हुराजी का खेड़ा निवासी सूरज मीणा, गणेश मीणा, लांबा भाटड़ा निवासी बालकृष्ण मीणा, गोठड़ा निवासी जीतेंद्र मीणा, बोरिया निवासी देवजी मीणा एवं अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया। साथ ही अनुसंधान शुरू किया।
दबोचा गया सामूहिक बलात्कार का आरोपी
थाना पुलिस ने दो माह पूर्व दर्ज सामूहिक बलात्कार के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। धरियावद वृत्ताधिकारी जगराम मीणा के नेतृत्व में पारसोला थानाप्रभारी केशुलाल खटीक, हेड कांस्टेबल मनोहरसिंह मय जाप्ता ने पूजा थाना देवगढ़ निवासी जीवा पुत्र कालिया मीणा को गिरफ्तार किया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
10 साल की तलाश खत्म
करीब 10 साल से पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए स्थायी वारंटी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। थानाधिकारी एवं जाप्ते ने सोमवार को बावड़ी खेड़ा निवासी शंभुड़ा पुत्र रूपा मीणा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश हुए।