
उदयपुर . सीआरपीएफ के तीन ट्रक में जवान नीमच केंट मुख्यालय से माउंट आबू जा रहे थे। संयोगवश सीआरपीएफ का जो ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हुआ, उसमें दो जने ही सवार थे जबकि दूसरे दो ट्रकों में ज्यादा जवान थे। कार सवार दोनों युवक पिंडवाड़ा से उदयपुर आ रहे थे। हादसे के बाद अन्य ट्रकों में सवार जवानों ने शव को बेकरिया चिकित्सालय पहुंचाया। पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद दोनों जवानों के शव को एमबी चिकित्सालय लाया गया। जहां से उन्हें पूरे सम्मान से उनके पैतृक घर ले जाया जाएगा।
दुर्घटना की सूचना पर कोटड़ा उपाधीक्षक सुमित शर्मा, गोगुन्दा थानाधिकारी भरत योगी व बेकरिया थाना पुलिस के अलावा गोगुन्दा विधायक प्रताप भील व आबूरोड-पिंडवाड़ा विधायक भी मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के बाद दोनों तरफ का मार्ग जाम हो गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से कार में फंसे शवों को निकाला तो पुलिया से नीचे गिरे ट्रक से सीआरपीएफ के अन्य जवानों ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने सभी शवों को बेकरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर रखवाए।
ये हुआ था हादसा-
उदयपुर-पिंडवाड़ा हाइवे पर बेकरिया थाना क्षेत्र में मालवा का चौरा पुलिया पर सोमवार सुबह एक बेकाबू ट्रेलर सीआरपीएफ के ट्रक को टक्कर मारते हुए रोड की दूसरी तरह आ रही कार से जा भिड़ा। हादसा इतना भयावह था कि तीनों वाहनों में सवार पांच जनों की मौत हो गई जिनमें दो सीआरपीएफ के जवान शामिल थे। दुर्घटना के बाद सीआरपीएफ का ट्रक पुलिया से नीचे जा गिरा तो टे्रलर में आग लग गई। कार पूरी तरह से पिचकाने पर उसमें सवार दो जने बुरी तरह से दब गए। हृदय विदारक हादसे में कार सवार लोगों के शव देख कर हर कोई द्रवित हो गया।
हादसा सुबह करीब 11.30 बजे हुआ। हादसे में सीआरपीएफ के हवलदार अलीपुरा हरियाणा निवासी जयसिंह (35) पुत्र छोटूराम, जवान बेलड़ महाराष्ट्र निवासी एन.पी. (46) पुत्र पद्म बैरवाल, कार सवार सिरोही रोड पिंडवाड़ा निवासी दिनेश (35) पुत्र धन्ना सरगरा, मगनलाल (42) पुत्र बाबराजी व ट्रेलर चालक दौलपुरा, मांडलगढ़ निवासी नरेन्द्रसिंह पुत्र शंकरसिंह की मौत हो गई। गम्भीर रूप से घायल ट्रेलर के खलासी दौलपुरा निवासी बंसी पुत्र दौला भील को बेकरिया में उपचार के बाद एमबी चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।