
उदयपुर। उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो और बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाश दस-दस हजार के इनामी हैं, जिन्हें मथुरा से पकड़ा गया है। उदयपुर लाते समय आरोपियों ने टॉयलेट के बहाने भागने का प्रयास किया। हालांकि, गड्डे में गिरने से दोनों के पैर टूट गए। थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपियों गोगा गैंग के सदस्य उस्मान गनी और मोहसिन गदनीया उर्फ काणा को गिरफ्तार किया गया है।
गत 30 अगस्त रात डेढ़ बजे सवीना खेड़ा निवासी प्रेमसिंह सोलंकी दोस्तों के साथ बलीचा स्थित महादेव होटल पर जन्मदिन पार्टी में गया था। इसी दौरान एक कार में पहुंचे चार जनों ने अरदीन पर जानलेवा हमले की नीयत से फायरिंग की। आरोपियों ने कार आगे अड़ाकर चार राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से दो गोलियां अरदीन को लगीं। जांच में सामने आया कि वारदात अरदीन और उस्मान गनी के बीच चल रही रंजिश का नतीजा थी।
वारदात के तुरंत बाद पुलिस ने साजिश में शामिल चार आरोपी मुख्य सूत्रधार मुजफ्फर हुसैन उर्फ गोगा, सहयोगी जयेश और गोविंद उर्फ सोनू के साथ हथियार मुहैया कराने वाले रौनक राव उर्फ रोनी को गिरफ्तार किया था, जो जेल में हैं। इस तरह फायरिंग केस में अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
वारदात के बाद उस्मान गनी और मोहसिन अजमेर, भीलवाड़ा, जयपुर, दिल्ली, हरियाणा, उत्तरप्रदेश और गुजरात आदि जगहों पर ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस ने दोनों को मथुरा से पकड़ा। उदयपुर लाते समय दोनों ने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की, लेकिन गड्ढे में गिरकर घायल हो गए।
मूलतः सेक्टर-12 हाल चित्रकूट नगर सवीना निवासी उस्मान गनी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और मारपीट के मामले दर्ज हैं। वहीं सेक्टर-12 मुर्शिद नगर निवासी मोहसिन गदनीया उर्फ काणा भी कई संगीन मामलों में लिप्त रहा है। दोनों के खिलाफ सवीना थाने में पहले से आर्म्स एक्ट के केस दर्ज हैं।
सवीना थाना पुलिस की ओर से अब आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान अवैध हथियार बरामदगी और हथियार उपलब्ध कराने वालों की कड़ी पकड़ी जाएगी। फरारी के दौरान आरोपियों को शरण और आर्थिक सहयोग देने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।