उदयपुर

उदयपुर में छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से वारकर बड़े भाई को उतारा मौत के घाट, इलाके में फैली दहशत

Udaipur murder : उदयपुर जिले में जमीन विवाद को लेकर शराब के नशे में छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से वार कर बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके को दहशत फैल गई है।
2 min read
Apr 03, 2026
murder in udaipur
घटना के बाद ढाला गांव में एकत्रित ग्रामीण। फोटो पत्रिका

झाड़ोल (उदयपुर)। उदयपुर जिले के फलासिया थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी कोल्यारी के अंतर्गत ढाला गांव में हत्या का मामला सामने आया है। जमीन विवाद को लेकर शराब के नशे में छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से वार कर बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके को दहशत फैल गई है।

दोनों भाइयों के बीच हुई थी कहासुनी

पुलिस के अनुसार फलासिया थाना क्षेत्र के ढाला गांव निवासी दो भाई शांतिलाल (45) और बंशीलाल के बीच आवासीय जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार देर रात दोनों भाइयों के बीच शराब पार्टी के दौरान कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान छोटे भाई बंशीलाल ने गुस्से में आकर बड़े भाई शांतिलाल के सिर पर कुल्हाड़ी की मूंदड़ से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से शांतिलाल की मौके पर ही मौत हो गई।

शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे मृतक का पुत्र चुन्नीलाल घर पहुंचा, जहां उसने अपने पिता को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। उसने तुरंत पुलिस चौकी कोल्यारी को सूचना दी। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल कांतिलाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद घटना की जानकारी फलासिया थानाधिकारी सीताराम मीणा को दी। सूचना पर थानाधिकारी मय जाप्ता मौके पहुंचे। जहां शव को कब्जे में लेकर झाड़ोल उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में पहुंचाया। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

आरोपी मौके पर फरार, तलाश में जुटी पुलिस

इधर, आरोपी बंशीलाल अपने परिवार सहित घर छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थाना अधिकारी की ओर से पुलिस टीम गठित कर आरोपी की धरपकड़ के लिए जंगल में जगह-जगह तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Updated on:
03 Apr 2026 06:49 pm
Published on:
03 Apr 2026 06:49 pm