उदयपुर

उदयपुर में दर्दनाक हादसा; बेकाबू ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत

Udaipur Accident News : सुखेर थाना क्षेत्र में उदयपुर-नाथद्वारा नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक भीषण हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
2 min read
Apr 12, 2026
Udaipur accident news
हादसे के बाद पाउडर में दबी बाइक निकालता राहतकर्मी। फोटो पत्रिका

उदयपुर। सुखेर थाना क्षेत्र में उदयपुर-नाथद्वारा नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक भीषण हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शाम करीब 5:30 बजे पावरहाउस के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मारने के बाद नियंत्रण खो दिया और सड़क पर पलट गया।

दुर्घटना इतनी भयावह थी कि तीनों बाइक सवार ट्रेलर के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर सुखेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने ट्रेलर को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया

पुलिस ने बताया कि हादसे में मरने वालों की पहचान रवा की नाल बारापाल निवासी प्रेमचंद (40) पुत्र सवजी मीणा, रियान मीणा (9), मुकेश (32) पुत्र कडुवा मीणा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

ट्रेलर में भरा हुआ था सोप स्टोन पाउडर

ट्रेलर राजसमंद से उदयपुर की तरफ आ रहा था, इसमें सोप स्टोन पाउडर भरा हुआ था, जो सड़क पर फैल गया। मृतक भी इसके पाउडर में ही दबकर रह गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। ऐसे में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सुखेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रेलर को सड़क से हटाया और यातायात बहाल कराया, वहीं शवों को मुर्दाघर पहुंचाया।

ढलान में न्यूट्रल करने से हुआ बेकाबू

शुरूआती जांच में पता चला कि चालक ने ढलान में ट्रेलर को न्यूट्रल कर दिया था, इससे स्पीड बढ़ी तो वह नियंत्रित नहीं कर पाया। ऐसे में चल रही बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों जने उछलकर दूर जा गिरे। बेकाबू ट्रेलर सड़क पर ही पलट गया और उसका चालक मौके से भाग छूटा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Updated on:
12 Apr 2026 09:55 pm
Published on:
12 Apr 2026 09:55 pm