
फोटो पत्रिका नेटवर्क
लक्ष्मणगढ़ (अलवर)। लक्ष्मणगढ़-मालाखेड़ा रोड पर हरसाना मोड़ के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बेटी की शादी के निमंत्रण पत्र (कार्ड) बांटने जा रहे एक व्यक्ति की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। बाइक सवार उसका दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
एएसआइ भरतलाल मीणा ने बताया कि कठूमर थाना क्षेत्र के मतवा का नगला गांव निवासी रघुवीर जाटव (50) की बेटी की शादी 29 अप्रेल को होनी है। रविवार को रघुवीर अपने दामाद लक्ष्मणगढ़ के बैरवा मोहल्ला निवासी पिंटू बैरवा के साथ बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारों को शादी के कार्ड बांटने निकला था। दोनों हरसाना गांव में कार्ड देने के बाद गोठड़ी की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान मालाखेड़ा रोड पर हरसाना मोड़ तिराहे और बीएसएनएल कार्यालय के बीच पीछे से तेज रफ्तार में आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रघुवीर जाटव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिंटू बैरवा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत लक्ष्मणगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि जिस अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी, उसकी तलाश की जा रही है। परिजनों की तरफ से लिखित रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने पर मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
मृतक रघुवीर के 6 बच्चे हैं। जिनमें 4 बेटियां व 2 नाबालिग बेटे हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी थी। तीसरी बेटी के हाथ पीले करने की तैयारियों में पूरा परिवार जुटा हुआ था, लेकिन इस हादसे ने घर की खुशियां छीन लीं। हादसे के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक रघुवीर मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था।
Updated on:
12 Apr 2026 08:32 pm
Published on:
12 Apr 2026 08:32 pm
