उज्जैन

अक्षय तृतीया पर केंद्रीय मंत्री के पोते की शादी मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में

109 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में, पंडाल में वैदिक मंत्रों के साथ निकाह कुबूल की भी थी गूंज
2 min read
• •
Updated: 19 Apr 2018, 12:50 PM IST
patrika
Marriage,ujjain news,akshaya tritiya,mass marriage,Chief Minister Kainadan Yojana,

नागदा. मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत अक्षय तृतीया पर केंद्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत के पोते का विवाह मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत संपन्न हुआ। बुधवार को कृष्णा जीनिंग फैक्ट्री परिसर में सामूहिक विवाह समारोह हुआ। इसमें 1०९ जोड़े अक्षय बंधन में बंधे। ५ जोड़ों ने निकाह कबूल किया। विवाह पांडाल में एक और जहां वैदिक मंत्रगूंज रहे थे, तो दूसरी और कुरान की आयत सुनाई दे रही थी। विवाह सूत्र में बंधे दूल्हा-दुल्हन हजारों लोग साक्षी बने।

चल समारोह ट्रैक्टर ट्रॉली में निकला
दूल्हा-दुल्हन का चल समारोह टैक्ट्रर व ट्रॉली में निकला। बारातियों का कारवां लगभग 2 किमी लंबा था। जगह-जगह बारातियों का शहर वासियों ने स्वागत किया। विवाह समारोह में केंद्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत के पौते मनीष गेहलोत ने भी सात फेरे लिए। समारोह विचार मंच के संयोजक व विधायक दिलीपसिंह शेखावत की अगुवाई में हुआ।

जगह-जगह दूल्हा-दुल्हन का स्वागत
ट्रालियों पर सवार दूल्हा-दूल्हन पर जगह-जगह पुष्प बरसे। पूरा शहर दिनभर विवाह समारोह की रंगत में रंगा नजर आया। उधर कृष्ण जीनिंग फैक्ट्री परिसर भी खचाखच भर गया। जिधर देखो उधर दूल्हा-दुल्हन व मेहमानों की भीड़ का नजारा दिखा। यह आयोजन देव दीनदयाल विचार मंच व नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। लगभग ३० से अधिक स्थानों पर चल समारोह का स्वागत किया गया। किसी ने ठंडाई, तो किसी ने पानी वितरण कर स्वागत किया।

शाम 5 बजे निकली वर निकासी
वर निकासी शाम 5 बजे नरेंद्र मोदी खेल प्रशाल से प्रारंभ हुई जो बस स्टैंड, जवाहर मार्ग, किरण-टॉकिज चौराहा, दीनदयाल चौक, कन्याशाला चौराहा, एमजी रोड, थाना चौराहा, सुभाष मार्ग, पाड़ल्या रोड चौराहा, रानी लक्ष्मीबाई मार्ग होते हुए ३ किमी का सफर तय कर शाम ६:३० बजे विवाह स्थल पहुंचेगी। यहां पर तोरण की रस्म हुई। जिसके बाद शाम 7:30 फेरे प्रारंभ हुए। बारातियों व मेहमानों का भोजन नरेंद्र मोदी खेल प्रशाल में हुआ। प्रत्येक जोड़े को उपहार में 17 हजार रुपए की एफडी, 3 हजार रुपए मोबाइल के, प्रत्येक दुल्हन को चांदी की पायजब, बिछिया, बर्तन, साड़ी, दूल्हे के लिए सफारी सूट का कपड़ा समेत लगभग 6 हजार रुपए के सामन उपहार में भेंट किए गए।

यह थे मंचासीन अतिथि
समारोह में अतिथि केंद्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत, मप्र सरकार में केबिनट मंत्री का दर्जा प्राप्त सुल्तानसिंह शेखावत, विधायक शेखावत, आलोट विधायक जितेंद्र गेहलोत, नपा अध्यक्ष अशोक मालवीय, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश धाकड़, नपा सांसद प्रतिनिधि धर्मेश जायसवाल, रामसिंह शेखावत आदि मंचासीन थे। संचालन नपा उपाध्यक्ष सज्जनसिंह शेखावत ने किया। इस मौके पर नपा परिषद नागदा के भाजपा पार्षदों ने केंद्रीय मंत्री गेहलोत व उनकी पत्नी अनिता गेहलोत का सम्मान भी किया।

Published on: