
MP CM Mohan Yadav News-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 10 नवंबर को उज्जैन में 1211.34 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भारत बदला है। जनता और दुनिया इसकी गवाह है। मध्यप्रदेश सहित देशभर में धार्मिक पर्यटन को भी गति दी जा रही है। उज्जैन (Ujjain) में तीर्थाटन में हुई वृद्धि से बदलाव स्पष्ट नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की सुदूर दृष्टि के कारण ही काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और बाबा महाकाल के महालोक का निर्माण हुआ। वर्ष 2022 के बाद उज्जैन तीर्थ क्षेत्रों के विकास के कारण 360 डिग्री बदला है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने उज्जैन सहित प्रदेश के टियर 2 शहरों में अधोसंरचना विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के भव्य और दिव्य आयोजन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। सिंहस्थ कुंभ 12 साल में एक बार आता है। शहर के विकास के लिए उज्जैन में आज 1200 करोड़ से अधिक के नए विकास कार्यों और जीर्णोद्धार कार्यों का भूमि-पूजन किया गया है। इसमें शिप्रा नदी के तट पर स्थित प्रसिद्ध अंगारेश्वर महादेव मंदिर भी शामिल है। पृथ्वी पर जीवों की 84 लाख योनियों के आधार पर ही यह प्राचीन शिव मंदिर 84 महादेव यात्रा में प्रमुख स्थान रखता है। उन्होंने कहा कि उज्जैन में उत्तर भारत के प्रमुख शक्तिपीठ गढ़कालिका माता के तीर्थ क्षेत्र के विकास कार्यों का भी भूमि-पूजन में शामिल है। भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली सांदीपनि आश्रम के कारण भी उज्जैन का अपना अलग स्थान है। उन्होंने कहा कि उज्जैन स्थित सिंहस्थ मेला क्षेत्र में नई सड़कों और सीवर लाइन का विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश में निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग के पास है। आयोग ने देशभर में वोटर लिस्ट की शुद्धता के लिए अभियान चलाया। यह शुद्धिकरण प्रक्रिया विपक्ष की सरकारों में भी पहले हो चुकी है, लेकिन अब हमारी सरकार में एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। चुनाव आयोग की इस प्रक्रिया के कारण ही बांग्लादेशी घुसपैठिए हमारी वोटर लिस्ट से गायब हुए हैं। उन्हें देश छोड़ना पड़ा है। हम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों पर चलने वाले लोग हैं, जो देश के विकास के लिए अडिग और अटल हैं। आज भारत के 80 प्रतिशत राज्यों में एनडीए की सरकारें हैं, जो 120 करोड़ से अधिक नागरिकों का प्रतिनिधित्व करती हैं। प्रधानमंत्री मोदी को देश का जनता का आशीर्वाद मिला हुआ है। जनता देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया, चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट पर विश्वास रखती है। वह लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमारे साथ है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यदि कोई परिवार मकान से वंचित रह गया है, तो मैं नगर निगम और कलेक्टर से कहना चाहता हूं कि ऐसे परिवारों के लिए मल्टीस्टोरी आवासीय योजना तैयार करें। राज्य सरकार उन्हें नि:शुल्क मकान उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी लेगी। हमारे शहर में सड़क चौड़ीकरण के लिए जिन लोगों ने स्वेच्छा से अपने मकान उपलब्ध कराए हैं, उन्हें आवास उपलब्ध कराना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। हम उन्हें मकान दिलवाएंगे। उन्होंने कहा कि जिनकी दुकानें सड़क चौड़ीकरण के कारण प्रभावित हुई हैं और जो किराएदार हैं, उन्होंने भी शहर के विकास में सहयोग दिया है। ऐसे दुकानदारों के लिए भी व्यवस्था की जाएगी। हमारी सरकार की ओर से संबंधित क्षेत्रों में मार्केट विकसित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन में 17 नवंबर को बहुप्रतीक्षित जू (चिड़ियाघर) और रेस्क्यू सेंटर का भूमि-पूजन किया जाएगा। उज्जैन में सड़कों के चौड़ीकरण कार्य के लिए स्वेच्छा से अपना मकान छोड़ने वाले परिवारों को मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में नि:शुल्क आवास उपलब्ध कराया जाएगा। इसी प्रकार जिनकी दुकानें टूटी हैं, उन्हें उज्जैन की खाली जमीन पर मार्केट विकसित कर दुकानें दी जाएंगी। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए किसानों को जमीन अधिग्रहण के 4 गुना मुआवजा के चेक प्रदान किए गए हैं। हमारी सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।