उज्जैन

MP में 918 करोड़ से बनेंगे ब्रिज और अंडरपास, बदल जाएगी शहर की सूरत

Development Projects: हरिफाटक ब्रिज एरिया में 918 करोड़ के चार डेवलपमेंट प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के चलते नए डेवलपमेंट कार्य भी धरातल पर शुरू होने वाले हैं।
2 min read
Jan 09, 2026
Simhastha 2028 development projects elevated corridor bridges construction ujjain mp news
Ujjain Simhastha 2028 development projects (फोटो- Freepik)

Bridges Construction:उज्जैन के हरिफाटक ब्रिज और आसपास कुछ महीनों में करीब 918 करोड़ रुपए के चार बड़े विकास कार्य एक साथ नजर आएगा। इनमें से दो प्रोजेक्ट पर जल्द काम शुरू होने वाला है वहीं एक चौड़ीकरण का एक काम प्रचलित है। सभी काम शुरू होने के बाद यह क्षेत्र निर्माण कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण हो जाएगा। इसके साथ ही बड़ी चुनौती सभी कार्यों में सामंजस्य बनाने की भी रहेगी। (MP News)

चार बड़े विकास कार्यों की होगी शुरुआत

सिंहस्थ 2028 (Simhastha 2028) की तैयारियों के चलते नए विकास कार्यों की भी धरातल पर शुरुआत होने वाली है। इनमें चार बड़े विकास कार्य (Development Projects) हरिफाटक ब्रिज क्षेत्र से जुड़े है। इन कार्यों में हरिफाटक ब्रिज चौड़ीकरण, एलिवेटेड कॉरिडोर, अंडर पास व भगतसिंह मार्ग शामिल है। वर्तमान में भगतसिंह मार्ग का निर्माण प्रचलित है वहीं दो कार्य ब्रिज चौड़ीकरण और अंडरपास जल्द शुरू होने वाले हैं। सिंहस्थ की दृष्टि से यह प्रोजेक्ट खासे महत्वपूर्ण है इसलिए समय पर इन्हें पूरा करने का लक्ष्य है।

ये कार्य चलते मिलेंगे

  1. भगतसिंह मार्ग निर्माण- करीब 27 करोड़ रुपए से गदा पुलिया से हरिफाटक, जयसिंह पुरा तक मार्ग चौड़ीकरण किया जा रहा है। काम की जिम्मेदारी नगर निगम के पास है। मार्ग को 24 मीटर चौड़ा किया जाएगा। वर्तमान में चौड़ीकरण कार्य प्रचलित है।
  2. हरिफाटक ब्रिज विस्तारीकरण- वर्तमान हरिफाटक ब्रिज की चार में से तीन शाखाओं का विस्तारीकरण किया जाना है। इसमें 371 करोड़ रुपए से मन्नत गार्डन से बेगमबाग तक सीधी दोनों शाखाओं को सिक्सलेन और जयसिंहपुरा उतरने वाली शाखा को फोरलेन में तब्दील किया जाएगा। मप्र सड़क विकास निगम इसकी निर्माण एजेंसी है। टेंडर प्रकिया पूरी होने के साथ ठेकेदार कंपनी तय हो चुकी है। जल्द ही विस्तारीकरण कार्य शुरू होगा।
  3. अंडर पास- मन्नत गार्डन स्मार्ट पार्किंग से जिला पंचायत हाट बाजार होते हुए श्री महाकाल लोक तक करीब 350 मीटर लंबा अंडर पास बनाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी सिंहस्थ डिवीजन को इसकी जिम्मेदारी दी है। करीब 70 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट के लिए भी ठेकेदार कंपनी तय हो चुकी है। एक महीने के अंदर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
  4. एलिवेटेड कॉरिडोर- शहर में दो एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की योजना है। इनमें एक आगर रोड मकोडिया आम कृषि मंडी से चामुंडामाता चौराहा, रेलवे स्टेशन होते हुए हरिफाटक ब्रिज तक बनेगा। करीब 4 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर फोरलेन होगा। इसका एक छोर हरिफाटक ब्रिज तक आएगा इसलिए इस क्षेत्र में भी कॉरिडोर का निर्माण होता मिलेगा।इसके अलावा दूसरा एलिवेटेड कॉरिडोर निकास चौराहा से दौलतगंज होते हुए इंदौर गेट तक बनेगा। करीब 1.5 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर टूलेन रहेगा। उक्त दोनों कॉरिडोर की प्रस्तावित लागत करीब 450 करोड़ रुपए है। फिलहाल प्रस्ताव को मुख्य सचिव स्तर से स्वीकृति मिलना अपेक्षित है। स्वीकृति मिलने पर कुछ महीनो बाद इसका निर्माण भी शुरू हो सकेगा। (MP News)
Published on:
09 Jan 2026 04:13 am