उज्जैन

इस हॉस्टल के बच्चों को सांप ने काटा था, अब फिर खतरे में जान

संभागायुक्त ने बोले- यह शर्मनाक स्थिति है, यदि सुविधाएं नहीं दे सकते तो हॉस्टल खाली कर दें
2 min read
• •
Updated: 27 Jun 2018, 12:18 PM IST
patrika
इस हॉस्टल के बच्चों को सांप ने काटा था, अब फिर खतरे में जान

उज्जैन. दशहरा मैदान स्थित जिस छात्रावास में सांप के काटने से बच्चों की मौत हुई थी, आज भी वहां कुछ विद्यार्थी जमीन पर सोने को मजबूर हैं। न प्रशासकीय जिम्मेदारी के तहत व्यवस्थाएं सुधारी गई और नहीं मानवीयता के नाते बच्चों की चिंता पाली जा रही है। स्थिति यह है कि बारिश का मौसम शुरू होने वाला है लेकिन पुराने दु:खद हादसे से सबक नहीं लिया गया है।

मंगलवार को संभागायुक्त एमबी ओझा की संभागीय समीक्षा बैठक में जब छात्रावास में पसरी यह लापरवाही सामने आई तो उन्होंने खासी नाराजगी जताई। ओझा ने कहा, सर्व शिक्षा अभियान के अधिकारी से पूछा कि दशहरा मैदान स्थित छात्रावास में गत वर्ष सांप के काटने से हुए हादसे के बाद भी छात्रावास से शिकायत प्राप्त हुई है कि कुछ बच्चों के लिए पलंग उपलब्ध नहीं हैं और वे जमीन पर सो रहे हैं। यह अत्यन्त शर्मनाक और रआपत्तिजनक है। यदि आप सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा सकते तो होस्टल खाली कर दें लेकिन परन्तु किसी भी बच्चे को किसी भी प्रकार की परेशानी छात्रावासों में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने तुरंत व्यवस्थाएं सुधारने, अन्यथा कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी। ओझा ने बैठक में बारिश के मद्देनजर संभाग जीर्ण-शीर्ण शाला भवन होने पर उसे तुरंत गिरवाने, जहां जरूरत है वहां मरम्मत करवाने के निर्देश भी दिए।


पीएम सडक़ योजना अधिकारी को निलम्बित करने के निर्देश

प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के अधिकारी शमीम खान संभागायुक्त की बैठक में निरंतर अनुपस्थित रह रहे हैं। ओझा ने इस पर नाराजगी जताते हुए खान के निलंबन का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उचित कारण या पूर्व सूचना के बिना अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई की चेतावनी दी ।

बैठक में यह भी

- सभी जिलों में वृहद स्तर पर रोजगार मेले आयोजित किए जाएं।
- संभाग के जिन जिलों में किसानों को समर्थन मूल्य पर बेचे गए गेहूं, चना आदि का भुगतान प्राप्त नहीं हुआ हो, उनकी जानकारी कारण सहित 4 दिनों में प्रस्तुत करें। एक भी किसान का भुगतान शेष नहीं रहना चाहिए।

- बैठक में बताया गया कि बारिश तो हुई है लेकिन अभी गंभीर का जलस्तर नहीं बढ़ा है।
- स्कूली छात्रवृत्ति, महाविद्यालयीन छात्रवृत्ति, आवास भत्ता आदि के प्रकरणेां का निराकरण किया जाए।

- खाद.बीज की किल्लत नहीं हो। बाजार में नकली खाद व बीज न बिकें। इसके लिए छापामार कार्रवाई की जाए।
- २८ जून को खाचरौद में मुख्यमंत्री का दौरा प्रस्तावित है। आवश्यक तैयारी की जाए।

Published on: